Thursday, July 14, 2016

तेवरी : व्यवस्था की रीढ़ पर प्रहार +ओमप्रकाश गुप्त ‘मधुर’

तेवरी : व्यवस्था की रीढ़ पर प्रहार

+ओमप्रकाश गुप्त ‘मधुर’
--------------------------------------------------------------------
‘तेवरी-आन्दोलन’, कुछ प्रकाशन, एक समीक्षा
आलोच्य-
1-कबीर जिंदा है- सम्पादक- रमेशराज
2-इतिहास घायल है- सम्पादक- रमेशराज
3-एक प्रहार, लगातार-लेखकः दर्शन ‘बेजार’
4-अभी जुबां कटी नहीं- सम्पादक-रमेशराज
5-तेवरीपक्ष, अंक-3, सम्पादक-रमेशराज
आन्दोलन के संदर्भ राजनैतिक, धार्मिक, सामाजिक या साहित्यक हों, उसकी मौलिक चेतना विद्रोहात्मक और स्वर तिक्त तथा उग्र हुआ करता है। किसी व्यवस्था के बोझ-तले कसमसाते हुए बहुतेरे लोग परिवर्तन की प्रतीति से अपने तेवर उभार लेते हैं और अपने वैयक्तिक तथा सामूहिक प्रहार से व्यवस्था पर निरंतर चोट करते रहते हैं। यह सही है उनमें से अनेक किसी सर्जनात्मक सोच से अनुप्राणित नहीं होते हैं। बस पुरातन के विरुद्ध जेहाद करना ही उनका अभिप्रेत होता है। परन्तु युग-परिवर्तन की प्रक्रिया में उनका भी योगदान कुछ कम करके आंकना अनुचित होगा क्योंकि जब तक कुछ लोग पुराने को तोड़कर मलवा हटाने का प्रारंभिक कार्य नहीं करेंगे तब तक तामीर के शिल्पकारों को हाथ पर हाथ धरकर बैठना ही पड़ेगा।
अतः तेवरी आन्दोलन की अलख जगाने वाले अलीगढ़ के युवा साहित्यकार निश्चय ही एक स्तुत्य और श्लाघनीय कवि-कर्म में प्राण-प्रण से जुटे हुए हैं। इनमें से कुछ लोग व्यवस्था की रीढ़ पर प्रहार करते हुए उसे गिराने में सन्नद्ध हैं तो दूसरे तेवरीकार नई दिशाओं में मंजर पेश करने में पूरी ईमानदारी से लगे हुए हैं।
‘तेवरी’ नामकरण अजीबोगरीब-सा लगता है क्योंकि उर्दू-लुगत या शब्दकोष में ‘तेवर’ शब्द का तो अस्तित्व है ‘तेवरी’ का नहीं। तेवरीकारों के फतवे या घोषित ‘मैनीफैस्टो’ में यह स्वीकार किया गया है कि उर्दू-काव्य में ‘ग़ज़ल की सरसता, रूमानियत और जेहनियत से प्रभावित होकर स्व. दुष्यंत कुमार ने हिंदी-कविता में ग़ज़ल लिखने की पहल की।
‘आपातकाल ने तेवरी के सीने में तिलमिलाते विद्रोह के ज्वालामुखी भर दिये’। [ पृष्ठभूमि-अभी जुबां कटी नहीं ]
 उपर्युक्त कथन के अनुसार स्व. दुष्यंत कुमार ने हिंदी-कविता की हाट में ग़ज़ल का आकर्षक कलेवर लेकर उसमें विद्रोह का चिंतन अवेष्ठित कर उसे एक मौलिक बानगी के रूप में प्रस्तुत किया और दुष्यंत कुमार कृत हिंदी गजलों की सर्वप्रियता और ग्राह्यता पर प्रश्नचिन्ह लगाना दुष्कर होगा। लेकिन दुष्यंत कुमार ने अपनी रचना-धर्मिता को तेवरी-संज्ञा से कभी विभूषित किया हो-ऐसा तो याद पड़ता नहीं। यह भी श्री नीरज, श्री बलवीर सिंह रंग, श्री साहिर लुधियानवी और श्री सूर्यभान गुप्त ने अपनी ग़ज़लनुमा रचनाओं को ‘तेवरी’ नाम से अभिहित किया हो, कभी यह भी सुनने में नहीं आया। तो इन नामधारी प्रख्यात कवियों को तेवरी-आन्दोलन के खेमे में ले आना यदि प्रामाणिक है तो इस आन्दोलन के जन्मदाताओं और पक्षधरों की साहित्यक मुहिम की एक भारी जीत समझी जानी चाहिए।अन्यथा आन्दोलन को बालू की दीवार के सहारे खड़ा करने का बाल सुलभ प्रयास ही कहा जायेगा।
ग़ज़ल शब्द स्त्रीलिंग है, अतः उसका हिन्दीकरण करते हुए लिंगानुरूप तेवरी नाम दिया जाना भाषायी उठापटक है, महज आन्दोलन के बपतिस्मे की गरज से उसके पीछे अकाट्य तर्क, संस्कार और संगति ढूंढ़ना मृग-मरीचिका ही होगी। मेरे विचार से प्रचलित शब्द ‘तेवरी’ बखूबी चलता।
फिर भी यह निर्विवाद है कि अपने स्पष्ट,सपाट और सीमित उद्देश्य में तेवरी क्रम की रचनाएं पुरजोर और पुरअसर हैं। आज के आस्थाहीन युग में जबकि जीवनमूल्यों का भारी क्षरण हो रहा है और समाज की सतह पर कहीं टीले और कहीं गड्ढे नजर आते हैं, शोषकों के क्रूर पंजों में क्षत-विक्षत मानवता त्रस्त और असहाय होकर अधर में लटकी हुई है, भाव-प्रवण और               संवेदनशील कवियों और खुशनवरों का मर्माहत होकर कड़ी कड़वी बातें कहना एक बड़ी जरूरत है और युग-धर्म भी कविता विषय-विलास और वाग्विलास की वस्तु नहीं, अंग्रेजी कवि मैथ्यु अनेल्डि के शब्दों में ‘जीवन की व्याख्या’ है।
तेवरी-आन्दोलन के कवियों ने दलित, शोषित और दग्ध समाज के निरुपाय आखेटों का पक्ष लेकर अपने पैने वाग्वाण अहेरियों पर चलाए हैं। कहना न होगा कि इन वाणों की अनी विषबुझी भी है-
खादी आदमखोर है लोगो!
हर टोपी अब चोर है, लोगो!
[अभी जुबां कटी नहीं ]
तेवरियों का मुखर स्वर कटु, उग्र और प्रहारक है लेकिन वर्ण्य-विषय की व्यापकता इन लघु रचना-अभ्यासिकाओं की सार्थकता को चरितार्थ अवश्य करती है। शिक्षा की व्यर्थता, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, नारी-जाति का शोषण, राजनैतिक छल-छदम, सरकारी नौकरशाहों की काहिली, भूमिपुत्रों  की व्यथा, जन प्रतिनिधियों की कथनी-करनी का अन्तर, भुखमरी, वर्गयुद्ध, गरज यह है कि तेवरीकारों ने विविध विसंगतियों पर अपनी पैनी लेखनी चलाई है। अनेक तेवरियां भिन्न-भिन्न कवियों की होते हुए भी सम स्वर और समान अभिव्यक्ति की आलेखना प्रतीत होती हैं, अतः समीक्षक बहुत-सी तेवरियों में पिष्टपेषण और पुनरावृत्ति की झलक देखने की बात करेंगे। लेकिन जब वर्ण्यविषय लगभग एक जैसा हो और अनुभूति का अन्तःबिम्ब भी समान हो तो अभिव्यक्ति के धरातल पर अनेक कवि भी एक सी बात करने लगते हैं।
इन तेवरियों में रस-परिपाक्य या काव्यसौंदर्य का अन्वेषण करना बालू से रेशम निकालने जैसा होगा। तेवरीकारों ने ऐसा दावा किया भी नहीं है बल्कि वे तो सायास कोमलकांत पदावली से अपने को बचते रहे हैं। वे इतने संतुष्ट हैं कि उनकी तेवरियों के प्रणयन से समाज की तंद्रा टूटे और सर्वहारा का सामूहिक संघर्ष,उत्पीड़न और अत्याचार के नए उत्साह ओर जिजीविषा से और तेज हो उठे।
इन तेवरी-संग्रहों में दर्शन बेजार कृत ‘एक प्रहार-लगातार’ इस आलेख की शुरूआत में कहे गये निर्माण कार्य जैसा है। अपेक्षाकृत संयम और पैने व्यंग्य की शैली में लिखी गई बेजार कृत तेवरियां विचारोत्तजक और भावपूर्ण हैं, यथा ः
आदमी को अर्थ दे जीने के जो।
लाइए तासीर ऐसी कथ्य में।।
............................
सड़क पर  असहाय पाण्डव देखते।
हरण होता द्रौपदी का चीर है।।
................................................
जो हिमालय बर्फ से पूरा ढका है।
भूल मत ज्वालामुखी उसमें छुपा है।।
....................................................
कुछ सियासी शातिरों की रोटियां सिकती रहीं।
राजनैतिक स्वार्थ में मेरा वतन जलता रहा।।
..............................................
रहबरो! अब भी समय है, होश लो।
है तुम्हारी कौम पर इल्जाम क्यूं।
[ एक प्रहार ! लगातार ]
तेवरी-आंदोलन की उपादेयता को स्वीकारा जा सकता। साहित्य सागर में अनेक जल-धाराओं का आगमन और परस्पर विलयन होता है। तब सागर तट पर बैठे प्रेक्षक सागर की संयुक्त गहनता और व्यापकता से अभिभूत होते हैं । अलग-अलग जलधारा का आकलन करने में उनकी रुचि नहीं होती लेकिन जलधारा के सहारे-सहारे चलने वाले पथिक की दृष्टि में सागर की विशालता का एहसास नहीं होता है। वह जलधारा का कलरव और उसकी प्रगति की संगीत लहरी में खोया हुआ उसके प्रति समर्पित-सा रहता है। यही बात इन तेवरियों के संदर्भ में उल्लेखनीय है। विशद् हिन्दी साहित्य के सुदीर्घ विस्तार के परिप्रेक्ष्य में साहित्य के अध्येताओं को इन तेवरियों द्वारा जगाए गये रश्मि-आलोक का किंचित उद्भास हो सकेगा, इसकी संभावना जरा कम है लेकिन प्रगतिशील और क्रांतिकारी साहित्य के अन्वेषियों को तेवरी की भावभंगिमा चमत्कृत और उद्वेलित करेगी, यह विश्वास है।
काव्य और कला दोनों का मौलिक और चरम लक्ष्य, सत्य शिव और सुन्दर का भावबोध कराना है। यथार्थ सत्य का वहिरंग और स्थूल रूप है, वह समग्र सत्य नहीं। यथार्थवादी कविता अधूरे जीवन का प्रतिबिम्ब हो सकता है। उस व्यापक, सद्यः स्फूर्ति और स्पष्टणीय मानव-जीवन की परिकल्पना नहीं हो सकती जिसकी प्रतीति अतीत के लब्ध प्रतिष्ठित हिन्दी साहित्यकारों, विशेषतः कवियों को हुई।  काव्य मात्र दर्पण नहीं है, ऐसा होता तो उसे कौन सहेजता। काव्य आलेखन और आव्हान है, उस वास्तविक मानव-जीवन का जो धरती की गर्दगुबार, मैल, मत्सर से ऊंचा उठकर मानवोचित ऊर्ध्वगामी प्रवृत्ति से सत्य, शिव और सुन्दर की सृष्टि करता है। हाथी के कान या सूंड या पैर को हाथी समझना दुराग्रह होगा। अतः तेवरी-आन्दोलन यथार्थ जीवन के एक छोटे पहलू को भले ही उजागर करता हो, उससे बड़े चित्रफलक को सरासर नजर अन्दाज करता है। यही उसकी सीमाबद्धता या संकीर्णता है। सर्रियलिज्म के सहारे भला क्या सौन्दर्यबोध सम्भव है?
एक बात और ! ‘कबीर जिंदा है’ संग्रह द्वारा कबीर की सपाट  बयानी, सधुक्कड़ी, अक्खड़पन और पाखंड तथा परम्परा पर जबदस्त आघात करने की वीरोचित प्रगल्भता भले ही निगाह में रखी गई हो, कबीर की रहस्यमयता, अध्यात्म और सरल धर्म को पकड़ने में तेवरीकारों की असमर्थता और उनका बौनापन तेवरियों में कबीर के दोहों, साखियों और रमेनियों को आधुनिकीकृत करने का असफल प्रयास है।
‘अभी जुबां कटी नहीं’ की प्रस्तावना-पृष्ठभूमि में पृष्ठ में पृष्ठभूमि में पृष्ठ 2 पर सम्पादक द्वारा व्यास, तुलसीदास, बिहारी, विद्यापति, कालीदास, रत्नाकर और हरिओध जैसे कवियों को साम्राज्यवादी, तुष्टीकरण का साजिशी और पैरोकार कहना ऐसे ही है जैसे चन्द्रमा की ओर मुंह उठाकर थूकना। काव्य के उद्देश्य मर्म लाघव और युगधर्म की सम्यक जानकारी किये बिना ऐसे कथन सुरुचिकर नहीं कहे जा सकते हैं। आन्दोलन यदि गाली-गलौज में तब्दील हो जाता है तो उसे जीवन्त और प्रभावी रखना असंभव है। क्या तेवरीकार काव्य के विविध नियमों से अवगत है?
अस्तु, इन तेवरी-संग्रहों का इतना तो प्रकट महत्व है ही कि आज दुरूह मानव जीवन को झकझोरने में ये तेवरियां समर्थ हैं।


तेवरी तथाकथित सौन्दर्य की पक्षधर नहीं +विजयपाल सिंह

तेवरी तथाकथित सौन्दर्य की पक्षधर नहीं

+विजयपाल सिंह
--------------------------------------------
अधिकांश ग़ज़लगोओं का यह कहना है कि परिवर्तन के साथ ग़ज़ल के मिजाज में परिवर्तन आया है, निस्संदेह यह सोचने पर मजबूर करता है कि ग़ज़़ल के मिजाज में क्या और कैसे परिवर्तन आया है? जैसा कि ग़ज़लगो मानते हैं कि अब ग़ज़ल कल्पनाओं के आकाश में उड़ने के बजाय सामाजिक यथार्थ की जमीन पर समाज के साथ कंधे से कंधा मिलाकर सामाजिक विकृतियों, विसंगतियों से जूझ रही है, राजनीतिज्ञों साजिशों का पर्दाफाश कर रही है। अब इसके ईद-गिर्द घुंघरूओं की झंकार, शराब के प्यालों की खनखनाहट के बजाय पत्थरों के टूटने और हथौड़ों की खट-पट का शोर है, अय्याशों की वाहवाही की जगह मालिक की बद्तमीजी और फटकारों की बौछार है। कुछ मिलाकर आज ग़ज़ल सामाजिक हितों और नैतिक मूल्यों के लिए सभ्यता के भेडि़यों और आदमखोरों के खिलाफ संघर्षित है।
इस युद्धरत ग़ज़ल को [जो हिंदी पत्रिाकाओं में देखने को मिल रही है] कुछ लोगों ने हिंदीग़ज़ल कहने का भी प्रयास किया।  यहां यह सोचने का विषय है कि चार-छहः हिंदी शब्द डाल देने से यदि कोई रचना हिंदीग़ज़ल हो सकती है [जबकि सच तो यह है कि उर्दू भी हिंदी की एक बोली है] तो भाषायी या बोलियों के आधार पर वह संस्कृत, अरबी, रूसी, अंग्रेजी, तुर्की, मराठी, कन्नड़, भोजपुरी, अवधी या ब्रजभाषा गजल क्यों नहीं हो सकती?
दूसरी तरफ यह भी सोचने का विषय है कि यदि किसी रचना के कथ्य या शिल्प में क्रांतिकारी परिवर्तन दृष्टिगोचर होता है तो वह अपनी मौलिक पहचान खो देती है अथवा नहीं? यदि वह क्रांतिकारी परिवर्तन के साथ अपनी मौलिक पहचान खोती है, अपने पुराने रूप को त्यागकर एकदम नये रूप में प्रस्तुत होती है तो उसे पुराने ही नाम से पुकारा जाना हर प्रकार अनुचित है । ठीक इस तरह जैसे यदि कोई वैश्या वैश्यावृत्ति को त्यागकर अपना घर बसा एक आदर्श पत्नी की भूमिका अदा करती है, लेकिन हम उसे फिर भी ‘वैश्या’ ही सम्बोधित करते हैं ।
क्या इन रूढि़वादी ग़ज़लगोओं को कोठे पर बैठने वाली चम्पाबाई और अंग्रेजों के छक्के छुड़ाने वाली लम्बीबाई में कोई अन्तर नजर नहीं आता? यदि इस सामाजिक बदलाव या सामाजिक क्रांति के पक्षधर तेवर को  ‘तेवरी’ नाम से पुकारा या परिभाषित किया जा रहा है तो इसमें बेमानी क्या और क्यों है?
तेवरी पर यह आरोप लगाना कितना हास्यास्पद है कि चाकू छुरी नेता, बलात्कार आदि कठोर शब्दों का प्रयोग रचना की खूबसूरती को नष्ट कर देता है। क्या ऐसे ग़ज़लगो ये बताने का कष्ट करेंगे के दंगों में नेताओं के सांप्रदायिकता भड़काने वाले वक्तव्यों और गुंडों द्वारा चाकू और छुरी के प्रहार से उत्पन्न आदमी की चीत्कार व शरीर से बहती हुई लहू की धार के कारुणिक दृश्यों के बीच कौन-सा सौन्दर्य या खूबसूरती होती है? जिसे वे कौन से सुन्दरतम, कर्णप्रिय सहज ढंगी शब्दों या प्रतीकों के माध्यम से व्यक्त करना चाहेंगे? क्या वे बलात्कार के वीभत्स दृश्यों के बीच गुंडों के शिकंजे में छटपटाती नारी के चेहरे पर फूलों जैसी मुस्कान, कंठ से चीत्कार के बजाय सीत्कार सुन सकेंगे? जब सामाजिक यथार्थ कठोरतम, क्लिष्टतम, शोषित, बलत्कृत और अतिपीडि़त हो चुका है तो उसकी अभिव्यक्ति सहज और पुष्मण्डित कैसे हो सकती है?
विश्व इतिहास साक्षी है कि इतिहास की कीर्तनियां मुद्राओं, प्रशस्तिगानों, चाटुकारी प्रवृत्तियों या प्रेमी-प्रेमिकाओं के रिझाने वाली भंगिमाओं ने न तो कभी सामाजिक क्रांति की पृष्ठभूमि तैयार की है और न कभी कर सकेंगी। साहित्य का असली सौन्दर्य तो रानी लक्ष्मीबाई की तरह तलवार उठाने में ही रहा है, भगतसिंह की तरह संसद में बम फेंककर बहरी सरकार के कान खोलने में रहा है। तथाकथित अहिंसा के पुजारियों को भी उन्नीस सौ बयालीस में ‘करो या मरो’ का नारा देकर अंग्रेजों की हत्याएं करने, बम प्रयोग से लेकर समस्त अस्त्र-शस्त्र प्रयोग करने पर मजबूर होना पड़ा। विश्व की हर क्रांति बल प्रयोग से ही आयी।
यदि ये ग़ज़लगो सामाजिक यथार्थ से कतराकर कोरी काल्पनिकता की फूलों से लदी मादक गंध से युक्त जमीन पर ही टिके रहना चाहते हैं तो कुछ नहीं कहना, वर्ना उन्हें एक न एक दिन दुष्यंत कुमार की इन पंक्तियों की पीड़ा और तनाव से साक्षात्कार करना पड़ेगा-
हो गयी है पीर पर्वत-सी पिघलनी चाहिए।
इस हिमालय से कोई गंगा निकलनी चाहिए।।
सिर्फ हंगामा खड़ा करना मेरा मकसद नहीं।
मेरी कोशिश है कि ये सूरत बदलनी चाहिए।।
‘जर्जर कश्ती’ का जुलाई-85 अंक, ग़ज़ल प्रतियोगितांक के रूप में प्रकाशित हुआ। इस अंक के निर्णायकों ने ग़ज़ल के संदर्भ में ग़ज़ल के चरित्र या उसके वास्तविक अर्थ-‘प्रेमिका से प्रेमपूर्ण बातचीत’ को ताक पर रखकर जिस तरह ग़ज़ल की सामाजिक संदर्भों में तरफदारी की और प्रस्तुत अंक की पुरस्कृत रचनाओं में सहजता, कर्णप्रियता, खूबसूरती का बखान किया उससे एक बात एकदम स्पष्ट  हो जाती है कि ये निर्णायक, साथ ही तथाकथित तेवरीकार और ‘जर्जर कश्ती’ के सम्पादक श्री ज्ञानेन्द्र साज़ दुनिया के उन्ही मुन्सिफों में से एक हैं जो सच का गला घोंटते या काटते हैं-
क्या होगा अंजाम न जाने फिर
         एक सख्श ने सच बोला।
उसके लिए दुनिया के मुंसिफ
फिर से खंजर ले आए हैं।।
[गजल प्रतियोगितांक- ‘जर्जर कश्ती’]
 क्या ‘जर्जर कश्ती’ के निर्णायक और ये तथाकथित सौन्दर्यवादी भिन्डरवाला की बारूद उगलती स्टेनगनों से आहत या ढेर होती इंसानियत के बीच कोई लालित्यपूर्ण बिम्ब तलाश कर सकेंगे-
है गरम मौसम हवा में गंध बारूद भरी।
संत भी करने लगे संहार के हस्ताक्षर।।
या
अपने घर में खुद लगा दो आग यारो।
घुस गये पूजाघरों में नाग यारो।।
[गजल प्रतियोगितांक- ‘जर्जर कश्ती’]
कहने का अर्थ ये है कि ग़ज़ल की सामाजिक दायित्यों से युक्त तरफदारी करने वाले आज भी अधिकांश ग़ज़लगो या ग़ज़ल के निर्णायक वही लोग हैं जिन्हें न तो सामाजिक चरित्र की पहचान है और न साहित्यिक चरित्र की।

तेवरी उस तथाकथित सौन्दर्य की कभी पक्षधर नहीं रही है जो शारीरिक सौन्दर्य प्रसाधनों में निहित रहता है। बल्कि वह तो शरीर के स्थान पर व्यक्ति के उस मन-मस्तिष्क की पहचान कराती है जो पत्नी और वैश्या, बहिन और प्रेमिका, काॅलगर्ल और मां, पिता और  अय्याश, शासक और कुशासक में अन्तर स्पष्ट करता है। साथ ही परिवार, समाज, देश, मानवता के प्रति उस कर्तव्य का बोध कराती है जो व्यक्ति से व्यक्ति को कर्त्तव्यबोध से जोड़ता है। तेवरी ग़ज़ल की तरह लैला-मजनंू, शीरी-फरिहाद, हीर-रांझा के उन  कारनामों की न तो पहले कभी पक्षधर थी और न अब है, जो सिर्फ शारीरिक सम्भोग के लिए सौन्दर्य के मानचित्र बनाती है।

Monday, July 11, 2016

तेवरी किसी नाकाम आशिक की आह नहीं +ज्ञानेन्द्र साज

तेवरी किसी नाकाम आशिक की आह नहीं

+ज्ञानेन्द्र साज
------------------------------------------
    सुविख्यात तेवरीकार दर्शन बेज़ार की नवीनतम कृति ‘ये ज़ंजीरें कब टूटेंगी’ उनकी सुलिखित, सुचयनित 48 धारदार तेवरियों का बेहतरीन संग्रह है। ‘तेवरी’ शीर्षक विधा को साहित्य में स्थापित करने के लिए तीन दशक से एक धीमा मगर पुख्ता संघर्ष होता रहा है। आज नहीं तो कल देश के सभी ग़ज़लकार भी इसे एक विधा के रूप में स्वीकारेंगे, मुझे यह पक्का यकीन है। इस संघर्ष में मेरे अनुज रमेशराज बराबर संघर्ष करते रहे हैं।
    ग़ज़लकार ‘ये ज़ंजीरें कब टूटेंगी’ को पढ़कर इसे ग़ज़ल संग्रह ही कहेंगे, यह कोई नयी बात नहीं होगी। उन्हें भाई दर्शनजी की तेवरियों में कहीं भी आक्रोशमय प्रस्तुति नजर नहीं आयेगी। वह तो उन्हें रदीफ, काफिया, बज्न, बह्र जैसी मान्यताओं पर ही कसेंगे। मैं इस पुस्तक के माध्यम से यह अवश्य कहना चाहूंगा कि वे सच को स्वीकारने की हिम्मत दिखायें।
    आज देश में जो घोटाले और भ्रष्टाचार पोषित राजनीति पनप रही है वह समाज को क्या दे रही है, भ्रष्टाचार और घोटाले ही न? तो फिर समाज प्रदूषित क्यों नहीं होगा। आज वही प्रदूषण राष्ट्र और समाज की सबसे छोटी इकाई यानी हम और आप को भी अपनी चपेट में ले चुका है। आज के दौर में हम और आप भी दूध के धुले नहीं हैं।
    ग़ज़ल का कथ्य कभी भी आक्रोशित नहीं रहा, उसका अपना निश्चित दायरा ही रहा जो प्रेमी-प्रेमिका से मिलन-विछोह की टीस या खुशी और साक़ी, शराब, मयख़ाना के इर्द-गिर्द ही घूमता रहा। ग़ज़ल इस रूप में बहुत प्यारी विधा है, मगर तेवरी कभी इस तरह का वातावरण में रहना पसंद नहीं करती. उसे तो आमजन की रोजी-रोटी की फिक्र है, उसे आदमी के नंगे बदन के लिए कपड़ों की फिक्र है, उसे खाली हाथों को काम दिलाने की फिक्र है, उसे निर्बल को दबंगों से बचाने की फिक्र है, उसे हर तरफ मच रही लूट की चिंता है। उसे सुरसा के मुंह की तरह बढ़ रही महंगाई से गरीबों को बचाने की चिंता है। तेवरी किसी नाकाम आशिक की आह नहीं, वरन् उस आदमी की व्यथा है जिसका शासन और प्रशासन द्वारा हर स्तर पर शोषण हो रहा है।
    आइये, अब ऐसी विश्व और राष्ट्रव्यापी समस्याओं पर चर्चा करती बेज़ार के तेवरी-संग्रह ‘ये जं़जीरें कब टूटेंगी’ की तेवरियों पर भी दृष्टिपात कर लिया जाए-
‘हंगामा हर चैराहे पर दहशत में सारा अवाम है।’
    क्या यह सच नहीं है सारे देश में यही हाल है। त्राहि-त्राहि मच रही है। मनुष्य चौराहों पर जाम लगा रहा है, कभी बिजली के लिए तो कभी टूटी सड़क को ठीक कराने के लिए। कभी महंगाई के विरोध में तो कभी दुर्घटना में मृत किसी व्यक्ति के लिए। ये सब क्या हो रहा है? दबंग, गुण्डे, दहशतगर्द शासन और प्रशासन की ही सरपरस्ती में पनपने वाले उन लोगों के विशेषण हैं जो समाज को जौंक की तरह खा रहे हैं/खोखला कर रहे हैं। उनकी खिलाफत करने का मतलब अपनी जान से हाथ धोना है। प्रतीकों के माध्यम से यही बताता यह तेवर भी देखें-
इस तरह डूबे परिन्दे खौफ में सैयाद के
जिंदगी जैसे कि उनकी दी हुई जागीर है।
    बेतहाशा पानी के दोहन को लेकर उठ रही विश्वव्यापी समस्या पानी की होती जा रही कमी को लेकर भी तेवरीकार चुप नहीं बैठा, वह धरती मां से ही प्रश्न करता है और उत्तर भी देता है-
सूखे ताल-तलैया रीती गागर, खाली डोल
कब तक ये विद्रूप रहेगा धरती माता कुछ तो बोल?
चुरा ले गये सब हरियाली मौसम के ये काले चोर
कहां गठरिया किसने बांधी कोई नहीं रहा मुंह खोल।
    प्यार-मुहब्बत में भी जब कोई विसंगति उत्पन्न हो जाती है जो फिर वो प्यार नहीं रह जाता, उसमें भी एक आक्रोश रुपी व्यथा पैदा हो जाती है। मैं बेजारजी के शब्दों में ही एक पति से दूर गांव में बैठी पत्नी के प्यार की व्यथा का चित्र दिखा रहा हूं-
पाती नहीं तुम्हारी आयी अब घर जल्दी आ जाओ
खर्च हो चुका पाई-पाई अब घर जल्दी आ जाओ।
छोटी बिटिया हफ्रतों से स्कूल नहीं जा पायी है
उसकी फीस नहीं भर पायी अब घर जल्दी आ जाओ।
                          या
उनके हिस्से में कुटिया का बस छोटा-सा कोना है
दादा-दादी क्या कर लेंगे जब बंटवारा होना है।
हर बेटे की अलग-अलग मति अलग-अलग सबकी राहें
कई जलेंगे घर में चूल्हे इसी बात का रोना है।
    अब कोई यह बताए कि पारिवारिक प्यार की टूटती कड़ी को देख कौन आक्रोशित नहीं होगा? यह आक्रोश ही तेवरी के रूप में उपजता है। तेवरीकार मात्र समस्याओं की ओर ही उंगली नहीं उठाता, वह तो उसका हल भी बताता है, मगर समाज उसकी बात को ग्रहण कर ले तभी तो इंकलाब की उम्मीद की जा सकती है-
          सींखचों को देखकर तू हो न यूं भयभीत रे,
आग उगले लेखनी कुछ इस तरह रच गीत रे।
वक्त रुकने का नहीं है साथियो! चलते रहो
वक्ष पर अन्याय के तुम मूंग नित दलते रहो।
                 अथवा
तू अपनी खुद की हिफाजत में लग जा
जमाने से खुलकर बगावत में लग जा।
कसम है तुझे आज बहते लहू की
हर एक जुल्म की तू खिलाफत में लग जा।
    समस्या उठाना और उसका समाधान भी देना हर तेवरीकार की सोच का उम्दा नमूना है। यह बात बेज़ारजी की इस प्रकाशित पुस्तक ही नहीं उनके पूर्व तेवरी संग्रहों ‘एक प्रहार लगातार’, ‘देश खण्डित न हो जाये’ में भी बोलती है। उनकी हर तेवरी आक्रोश का दस्तावेज है।
    मैं अपनी ओर से उनके इस संग्रह पर उन्हें हृदय से साधुवाद देता हूं तथा भविष्य में उनसे और भी बेहतर तेवरियों के साथ आने की प्रतीक्षा भी कर रहा हूं। वे दीर्घायु हों, मेरा शुभाशीष उनके साथ है। वे अलख जगाए रहें...

Friday, July 8, 2016

हिन्दी गीति काव्य में तेवरी की सार्थकता +सुरेश त्रस्त

हिन्दी गीति काव्य में तेवरी की सार्थकता

+सुरेश त्रस्त
-------------------------------------------------------------------------
हिन्दी गीति काव्य की नूतन विधा तेवरी का नामकरण आठवें दशक के अन्त और नवें दशक के प्रारम्भ देवराज [द्वै] द्वारा किया गया। एक विशेष तकनीकिय एवं अत्यानुप्रासिक व्यवस्था से युक्त रचनाधर्मिता, जिसमें व्यक्तिगत अनुभवों के स्थान पर सामाजिक सरोकारों के अनुभवों को स्थापित करने की पहल की गयी |  
तेवरी के सूत्रपात एवं नामकरण को लेकर हिन्दी काव्य में जिस प्रकार की उठापटक शुरू हुई, वाद-विवाद उत्पन्न हुए, इस संदर्भ में तेवरी के नियामकों, स्थापकों एवं रचनाकर्मियों ने तेवरी की वकालत करते हुए, उसे सार्थक सारगर्भित और प्रासंगिक सिद्ध करने के लिए अथक प्रयास किये। जबकि तेवरी को बलात् अवतरण मानते हुए एवं उसके शिल्प-पक्ष को खारिज करते हुए सुश्री जया नर्गिंस ने कहा-‘‘ तेवरी लेखकों का यह दावा ही झूठा है कि तेवरी ग़ज़ल से बिल्कुल अलग एक स्वतंत्र विधा है और यह ग़ज़ल की तरह किन्हीं नियमों को नहीं मानती। अगर ऐसा है तो तेवरी में ग़ज़ल की तरह दो-दो पंक्तियों के शे’र क्यों होते हैं।’’
श्री नीतीश्वर शर्मा नीरज ने अपना तर्क दिया ‘‘ आम को इमली कह देने से जिस तरह उसके गुण और स्वाद में कोई अन्तर नहीं आ जाता.... जिस तरह एक कप या गिलास में आप दूध रख सकते हैं और दया, शराब, पानी, जहर भी लेकिन रखे गये द्रव के आधार पर गिलास या कप का नाम बदलने से उसमें क्या तब्दीली हो जायेगी। अतः मैं तेवरी को काव्य की कोई नयी विधा नहीं मानता बल्कि ग़ज़ल या दोहे का रूप लिए [ आकार में लिखी गयी ] कविताओं का नाम है तेवरी |
इतना ही नहीं श्री ज्ञान प्रकाश विवेक ने तेवरी के प्रति अपनी झल्लाहट और बौखलाहट व्यक्त करते हुए कहा-‘‘खूब लिखिये तेवरी और खूब छापिये उन्हें तेवरीपक्ष में, लेकिन एक सवाल जरूर करूंगा आप से-तेवरी ग़ज़ल के शिल्प में क्यों लिख रहे हैं आप? भगवान करे या रमेशराज करे कि तेवरी भी साहित्यिक विधा में गिन ली जाये  और देवराजों, सुरेश त्रस्तों, अरुण लहरियों का कल्याण हो जाये। कोई पूछे कि साहब तेवरी कहीं मैनूफैकचर होती है तो झट मुंह से निकलेगा-अलीगढ़। बुरा न मानें तो एक बात कह दूं कि अब तक की तमाम तेवरियां ग़ज़ल का बिगड़ा हुआ रूप है |”
तेवरी की टैक्निक को ग़ज़ल की नकल मानते हुये युवा कवि सिद्धेश्वर ने सुपरब्लेज [ मासिक ] में ‘महज बहस के लिए’ स्तम्भ के अन्तर्गत एक लम्बी बहस कई अंकों में जारी की | अप्रैल 85 अंक में श्री सतीश पुष्करणा, बी. एल. प्रवीण, तारिक अस्लम तस्नीम का मानना था-‘‘ बात समझने की है कि आदि मानव भी आदमी था आज भी आदमी कहलाता है और सदैव आदमी ही कहलाता रहेगा | श्री रमेशराज द्वारा सुपरब्लेज मार्च 85 अंक में प्रस्तुत आलेख ‘ग़ज़ल, ग़ज़ल हैः तेवरी, तेवरी है’ पढ़कर ऐसा प्रतीत हुआ जैसे यहां भी खालिस्तान की मांग की तरह प्रथकतावादी हाथ खड़ा किया जा रहा है..... जैसे कि कहानी, लघुकथा, परीकथा, दंतकथा, संदर्भ कथा आदि के वर्गीकरण के बावजूद ये सब कहानी हैं , रचना के कथ्य, विस्तार एवं सम्प्रेषणीयता आदि को मद्देनजर रखते हुए तेवरी भी ग़ज़ल का एक उग्रवादी रूप ही है।“
तेवरी के शिल्प-पक्ष को लेकर ग़ज़ल के उक्त पक्षधरों ने तेवरी की सार्थकता को नकारते हुए जिन तथ्यों की ओर संकेत किया, उन तथ्यों के आधार पर निम्न बातें उभर कर सामने आयीं-;
1.   तेवरी, ग़ज़ल से अलग कोई स्वतंत्र विधा नहीं है।
2.    तेवरी की अन्त्यानुप्रासिक व्यवस्था एवं समस्त पंक्तियों का क्रम ग़ज़ल के रदीफ-काफिये तथा उसके शेरों की व्यवस्था हू-ब-हू नकल है।
3.    चूंकि तेवरीकारों को ग़ज़ल की टैक्निक की भी पूरी जानकारी नहीं है, अतः तेवरी में ग़ज़ल के शास्त्रीय पक्ष का पूर्ण निर्वाह न हो सकने के कारण, तेवरी ग़ज़ल का ही एक अपभ्रंश या बिगड़ा हुआ रूप बन कर रह गई है।
4. तेवरी बिना सोचे समझे, अतार्किक ढंग से प्रस्तुत की गई एक ऐसी पहल है जो खालिस्तान की मांग की तरह पृथकवादी-विघटनकारी एवं स्वयं को [ तेवरीकारों को ] स्थापित करने का एक प्रीपेगण्डा, एक स्टन्ट है।
तेवरी और ग़ज़ल के बीच किये गये उक्त प्रकार के घालमेल, भ्रामक स्थितियों एवं उत्पन्न शंकाओं के समाधान हेतु अलीगढ़ से श्री रमेश राज ने तेवरी विधा की एक पत्रिका ‘तेवरीपक्ष’ का प्रकाशन वर्ष 1983 में प्रारम्भ किया, जो नियमित रूप से अब भी प्रकाशित हो रही है। तथा तेवरी विधा के पांच संकलन-‘अभी जुबां कटी नहीं’, ‘कबीर जिन्दा है’ ‘इतिहास घायल है’, ‘एक प्रहारः लगातार’, देश खण्डित हो न जाये’ अपने प्रकाशन ‘सार्थन-सृजन’ से निकाले। इसके अतिरिक्त देवराज [ द्वै ] द्वारा ‘तेवरी’  एवं तेवरी चर्चा शीर्षक से तथा पवन कुमार पवन द्वारा ‘मचान’ शीर्षक से महत्वपूर्ण संकलन प्रकाशित हुए। कुन्दनशील, जर्जर कश्ती एवं प्रतीक, शिवनेत्र मासिक पत्रिकाओं ने भी इस दिशा में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।
तेवरी की विधागत वकालत करते हुए श्री रमेशराज ने कहा कि-‘‘ ग़ज़ल का अर्थ है प्रेमिका से प्रेमपूर्ण बातचीत | ग़ज़ल अपने प्रारम्भ से ही सामन्तों, अय्याशों, नवाबों के मनोरंजन का साधन रही है | अतः ग़ज़ल समकालीन संदर्भों में सामाजिक यथार्थ की कसौटी पर खरी नहीं उतरती है।.... ग़ज़ल सदियों से खास आदमी के चरित्र से जुड़ी रहने के कारण, तेवरी की मान्यताओं, जीवन मूल्यों के एकदम विपरीत ठहरती है। ग़ज़ल के साथ सामाजिक दायित्वों का ढिंढोरा पीटने वाले रचनाकार सुषमा, सारिका, धर्मयुग कदाम्बिनी, साप्ताहिक हिन्दुस्तान, बीसवीं सदी आदि पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित लैला मजनूं के किस्सों की गौरवगाथाओं का बखान करने वाली ग़ज़लों में कौन-सा सामाजिक दायित्व टटोलेंगे।.... इमली को आम बताकर इमली का स्वाद आम की तरह चखने बाले रचनाकारों को पता नहीं यह बात कब समझ में आयेगी कि मदिरा से भरे हुए प्याले को जाम कहा जाता है, जहर से भरे हुए प्याले को नहीं।... हमें स्वतंत्रता आन्दोलन के अगुआ भगत सिंह-चन्द्रशेखर आजाद और गांधी-गोखले, कोठे पर बैठने वाली चम्पाबाई और अंग्रेजों के छक्के छुड़ाने वाली रानी लक्ष्मी बाई, एक शासक के रूप में सम्राट अशोक और हिटलर में कुछ तो अंतर करना ही पड़ेगा।“
तेवरी और ग़ज़ल के बीच इसी तरह अन्तर को स्पष्ट करते हुए श्री अरुण लहरी लिखते हैं-‘‘तेवरी शांत जल के ऊपर विहार करते हुए हंसों के सौंन्दर्य को नहीं निहारती बल्कि बहेलिये के तीर से घायल हंस की आंखों में छुपी हुई वेदना के टटोलती है। तेवरी नारी को साकी के रूप में प्रस्तुत नहीं करती बल्कि स्वार्थी समाज द्वारा उत्पीडि़त शोषित नारी की पीड़ा को अभिव्यक्ति का विषय बनाती है | तेवरी गुलाबी होठों का रसपान नहीं बल्कि दवा के अभाव में दम तो तोड़ते हुए खुश्क होठों का भान है।’’
तेवरी और ग़ज़ल सम्बन्धी उपरोक्त विवेचन तेवरी को ग़ज़ल से जिन अर्थों में पृथक करता है, वह अर्थ निश्चित रूप से तेवरी और ग़ज़ल की वे चारित्रिक विशेषताएँ हैं, जिनका सीधा-सीधा सम्बन्ध किसी विधा के कन्टैन्ट अर्थात् उसके कथ्य से होता है। इस संदर्भ में तेवरी और ग़ज़ल के बीच का यह अन्तर बेहद सारगर्भित और सार्थक ठहरता है।
अस्तु अधिकांश गजलगोओं का यह कहना कि समय परिवर्तन के साथ ग़ज़ल के मिजाज में परिवर्तन आया है, यह सोचने को मजबूर करता है कि ग़ज़ल के मिजाज में क्या और कैसा परिवर्तन  आया है? श्री विजयपाल सिंह द्वारा सही समय पर उठाया गया यह एक ऐसा सवाल है जिसका ग़ज़लगोओं द्वारा उत्तर दिया जाना अभी शेष है।
श्री शिवओम अम्बर के अनुसार-“ ग़ज़ल किसी शोख नाजनीन की हथेली पर अंकित मेंहदी की दन्तकथा नहीं बल्कि आक्रोश की मुठ्ठी में थमी प्रलयकारी मशाल है।“
तब क्या विशेष कथ्य या चरित्र के आधार पर अपनायी गई एक विधा एक ही समय विशेष परिस्थिति विशेष, घटनाक्रम विशेष में अपने दो तरह के चरित्रों में जी सकती है? दुर्भाग्यवश ग़ज़ल के पक्षधरों के पास इसका भीं उत्तर नहीं। ऐसे में श्री विजयपाल सिह का यह तर्क बड़ा ही महत्वपूर्ण लगता है-‘‘ किसी रचना के कथ्य या शिल्प में जब क्रांतिकारी परिवर्तन दृष्टिगोचर होता है तो वह अपनी मौलिक पहचान खोती है अथवा नहीं? यदि वह अपनी मौलिक पहचान खोकर, अपने पुराने रूप को त्याग कर एकदम नये रूप में प्रस्तुत होती है तो उसे पुराने नाम से ही पुकारना नितान्त नासमझी है। और यह नासमझी ठीक इस तरह है जैसे कोई वैश्या, वैश्यावृत्ति त्यागकर अपना घर बसा ले और एक आदर्श पत्नी की भूमिका निभाये लेकिन हम उसे फिर भी वैश्या ही सम्बोधित करते हैं।’’
दरअसल किसी रचना का कथ्य या चरित्र उस समय की परिस्थितियों और आस-पास के परिवेश के प्रभाव से उत्पन्न विचारों और भावों का मिश्रण होता है। सामंती युग की कविता भी उससे मुक्त नहीं रही, जब अय्याशी खून बनकर रगों में दौड़ रही थी, उस वक्त कविता सामाजिक चेतना की मशाल नहीं, एक अय्याश की बदनसीब लौड़ी थी। अन्त्यानुप्रास से बंधी यह कविता, मरमरी जिस्म, मख्मूर आंखों, खमदार जुल्फों एवं मस्त अंगड़ाईयों से भरा एक ऐसा पिटारा थी, जिसे यथानाम तथागुण के कारण ग़ज़ल संज्ञा से विभूषित किया गया। ग़ज़ल का चरित्र उस वक्त के प्रभाव से उत्पन्न विचार थे। फिर हुस्न की शिकायत महबूबा से न होकर व्यवस्था से होने लगी। आंखें खुमारी से नहीं, आक्रोश से जलने लगीं। लेकिन हमारा दुर्भाग्य यह रहा कि हमने इस ओजपूर्ण अभिव्यक्ति को प्रेमिका को बांहों में भरने के जोश के रूप में ही आंका। ग़ज़ल शब्द संस्कार के रूप में ज्यों की त्यों हमारी मानसिकता से चिपका रहा। कुछ सजग  साहित्यकारों ने इस अन्तर को महसूस करते हुए, साहित्य की इस ओजपूर्ण अभिव्यक्ति को तेवरी नाम दिया।
तेवरी की यह स्थापना निर्विवाद और प्रासंगिक रहनी चाहिए थी। लेकिन ग़ज़ल शब्द के संस्कारों से चिपके साहित्यकारों ने तेवरी को जिस प्रकार संदिग्ध अवस्था में लाकर खड़ा करने की कोशिश की, उसमें एक संदिग्ध स्थिति तेवरी के शिल्पपक्ष को लेकर भी थी। जिसको साफ किये बगैर तेवरी की स्थापना बेमानी-सी लगने लगी। परिणाम स्वरूप श्री रमेशराज ने तेवरी के शिल्प पर भी तेवरीपक्ष के कई अंकों में चर्चा की।
ग़ज़ल के शिल्प से तेवरी के शिल्प की अलग करते हुए श्री रमेशराज ने ‘तेवरीः शिल्पगत विशेषताएं’ शीर्षक से एक लेख लिखा और कहा-शिल्प का अर्थ होता है किसी भी रचना को प्रस्तुत करने का माध्यम | रचना को प्रस्तुत करने की यह प्रक्रिया उस रचना की भाषा छंद, अलंकार, रस, शब्द प्रयोग, प्रतीक मिथक उपमान आदि विषय वस्तुओं पर पूर्ण रूपेण निर्भर रहती है।... तेवरी की रचना हिन्दी काव्य छन्दों के अनुसार की जाती है। जिसमें प्रयुक्त भाषा अलंकार प्रतीक उपमान मुहावरे आदि ग़ज़ल की भाषा या अलंकारिक व्यवस्था से कोई साम्य नहीं रखते। एक तरफ जहां ग़ज़ल में साकी, शराब मयखाना, वस्ल, यास, तमन्ना, तन्हाई, फिराक महबूबा, नामावर, जाहिर, मख्मूर आंखें, सुरुर, कमसिनी आदि शब्द अपने अभिधात्मक लक्षणात्मक या व्यंजनात्मक रूप में केवल रुमानी या रोमांसवादी दृष्टिकोण के इर्द-गिर्द भटकाते हैं। वहीं तेवरी आम आदमी की भाषा के साथ एकाकार होकर सामाजिक यथार्थ को अभिव्यक्ति प्रदान करती है। तेवरी में प्रयुक्त बिच्छू, सांप, शैतान, मछली, काठ के घोड़े, टोपी, बहेलिया, भेडि़या, चाकू, वर्दी, कुर्सी, गुलेल, बाज, चीता आदि शब्द अपने प्रतीकात्मक रूप में आदमी के शोषक और शोषित व्यक्तित्व को उजागर करते हैं ।“
श्री रमेशराज की तवेरी के शिल्प-पक्ष के संदर्भ में की गयी उक्त व्याख्या काफी सारगर्भित महसूस होती है | सच बात तो यह है कि जब किसी रचना का कथ्य बदलता है तो उस रचना के शिल्प में भी आमूल परिवर्तन आ जाता है। उसकी रस व्यवस्था बदल जाती। भाषा में एकदम नयी प्रतीकात्मक, अलंकारात्मक व्यवस्था खड़ी हो जाती है। इस नाते तेवरी का शिल्प, ग़ज़ल के शिल्प से एकदम विपरीत ही नहीं, बिलकुल अलग-थलग है। जहां तक छन्द का संबन्ध है तो तेवरी की रचना वर्णिक एवं मात्रिक छन्दों के आधार पर की जाती हैं जबकि ग़ज़ल की रचना बहरों पर आधारित होती है।
रही बात तेवरी में रदीफ- काफिये जैसी तुकांत व्यवस्था के सम्बन्ध में तो इस विषय में स्थिति स्पष्ट करते हुए श्री विजय पाल सिंह अपने शोध प्रबन्ध ‘‘ हिन्दी ग़ज़ल : परम्परा एवं विकास’’ में लिखते हें कि हिन्दी में ग़ज़ल के शेरों एवं रदीफ-काफियों जैसी व्यवस्था ग़ज़ल से ली गई प्रतीत नहीं होती। इस तरह की व्यवस्था तो जगनिक, चन्द्रवरदाई, विद्यापति जैसे आदिकाल के हिन्दी कवियों में भी उपलब्ध होती है। हिन्दी काव्य का रीतिकाल इस तरह की तुकान्त एवं शेरों जैसी व्यवस्था से भरा पड़ा है। अतः तेवरी में अपनायी गई उक्त प्रकार की व्यवस्था ग़ज़ल की नकल महसूस नहीं होती।

कुल मिलाकर तेवरी और ग़ज़ल सम्बन्धी उक्त विवेचन के आधार पर यह बात बल-पूर्वक कही जा सकती है कि हिन्दी काव्य में तेवरी की सार्थकता निर्विवाद है। तेवरी का कथ्य एवं शिल्प उसकी मौलिक उपज है, जिसमें हिन्दीपन की सौंधी-सौंधी गन्ध का अनुभव होता है।