Tuesday, December 12, 2017

तेवरी-१९८२ की भूमिका

इस प्रथम तेवरी-संकलन के माध्यम से हम तेवरी काव्यान्दोलन की आधिकारिक घोषणा कर रहे हैं। यहाँ हिन्दी कविता की वर्तमान स्थिति और युग-जीवन के प्रति उसकी भूमिका पर संक्षेप में विचार करना आवश्यक है ताकि ‘तेवरी’ की समयोपयोगिता और प्रासंगिकता को समझा जा सके तथा इस काव्य-विधा के विषय में किसी को भी किसी प्रकार का भ्रम न रहे।
१९५० में भारतीय परिस्थितियों में आधारभूत परिवर्तन उपस्थित हुआ। जीवन के वे सभी स्त्रोत जिन पर शताब्दियों तक अभारतीयों का अधिकार रहा था, भारतीयों के अधिकार में आए। स्वतन्त्रता की प्राप्ति के साथ ही भारत विश्व के महानतम लोकतन्त्र के रूप में उभरा और संविधान के माध्यम से यह घोषित किया गया कि मनुष्य को सम्पूर्ण विकास के समग्र अवसर देना उसका महत्तम लक्ष्य है। इस घोषणा के अनुरूप नई सामाजिक, राजनैतिक, आर्थिक और सांस्कृतिक व्यवस्था भी स्वीकार करने का संकल्प किया गया। पंचवर्षीय योजनाओं का प्रचालन, कला-अकादमियों की स्थापना, निःशुल्क प्राथमिक शिक्षा, विकासशील मिश्रित अर्थव्यवस्था, पंचायत प्रणाली आदि अनेक ऐसे कदम हैं, जो जनहित में स्वीकार किए गए और जिनसे लगा कि अब यह देश शीघ्र ही अपने प्राचीन गौरव को प्राप्त कर लेगा। बिना किसी सन्देह के आम भारतीय इस परिवर्तन से अभिभूत हो उठा। यह स्वाभाविक भी था। एक ओर नव-स्वतन्त्रता प्राप्ति का उल्लास, दूसरी ओर लोकतन्त्र में जीने की आकांक्षा, तीसरी ओर शासन द्वारा नित्य-नए लुभावने घोषणाक्रम- इन सब के साथ नेहरू, पटेल, पन्त, किदवई आदि का भव्य व्यक्तित्व, सन्देह की गुंजाइश ही नहीं थी। भारतीय जनता एक प्रकार से भविष्य के स्वप्न में खो सी गई। उधर नेहरू के अन्तर्राष्ट्रीय व्यक्तित्व ने इतना सम्मोहन पैदा कर दिया कि किसी को भी विश्लेषण का अवसर ही नहीं मिला। जब तक नेहरू जीवित रहे, तब तक जनता केवल उन्हें और उनके दल को जानती थी। प्रत्येक आम चुनाव में नेहरू अधिक से अधिक प्रभावशाली होते चले गए। परिणाम यह हुआ कि इकदलीय शासन और किसी हद तक एक व्यक्ति के शासन की परम्परा स्थापित हो गई। भरतीय लोकतन्त्र को लगनेवाला यह पहला धक्का था। इसका पता आम जनता को तब लगा, जब ५० से ६० तक के पूरे दशक में किसी भी योजना ने सुपरिणाम नहीं दिखाया। इसका मूल कारण था कि नेहरू के साथ काम करने वाले प्रशासनिक लोग केवल उनकी जी-हुज़ूरी करते थे, बदले में सार्वजनिक उपक्रमों को डकारते थे। नेहरू के पास एक तो अधिकतर भारत से बाहर रहने के कारण, दूसरे अहम तुष्ट होते रहने के कारण - इस बात का अवकाश ही नहीं था कि वह निचली प्रशासनिक गतिविधियों को समय-समय पर आंकलित कर सकें। स्वप्नभंग १९६२ में हुआ। चीन ने बिना किसी विशेष प्रयास के भारत की १२ हज़ार वर्गमील भूमि हथिया ली। बदले में हम कुछ नहीं कर सके। उस भूमि का प्रश्न आज भी ज्यों का त्यों है।
आइये, देश की इन परिस्थितियों में कविता की भूमिका पर दृष्टिपात करें। १९५० में जब राष्ट्रीय स्तर पर महान परिवर्तन आए, कविता ने भी नए परिवर्तन को स्वीकार किया। छायावाद की सूक्ष्म रहस्यवादी खोजबीन, प्रगतिवाद की राजनैतिक नारेबाज़ी, तथाकथित प्रयोगवाद की काम-कुण्ठाओं तथा देश की स्वतन्त्रता के लिए रक्त होम देने की लड़ाकू अभिव्यक्ति से अलग हटकर कविता ने गम्भीर दृष्टि अपनाने की घोषणा की। कविता के इस नए मोड़ को ‘नई कविता आन्दोलन’ कहा गया। इसकी मुख्य मन्यताएं इस प्रकार थी-
- मनुष्य को मानवीय दृष्टि से देखना - स्थितियों का यथार्थपरक अंकन - नए मनुष्य की खोज - वाद-मुक्त चिंतन - व्यवस्था पर व्यंग्य - शिल्प के बन्धन से मुक्ति आदि।
प्रारम्भिक काल में यह कविता रोमानी प्रवृत्ति-प्रधान रही। इसने बिना कोई विचार किए उन स्वप्नों को विस्तार के साथ अभिव्यक्ति दी जो जनता ने नेताओं के माध्यम से पाले थे, किन्तु इस प्रारम्भिक काल में भी विभाजन के परिणामस्वरूप जो पीडा राष्ट्र के हिस्से में आइ थी, वह बहुत कम अवसरों पर मुखरित हुई। धीरे-धीरे यह कविता यथार्थ प्रधान रोमानी दिशा में बढ़ती प्रतीत हुई। यह काल ’५५-५६ के आसपास शुरू होता है। इसके बाद पुनः एक बड़ा परिवर्तन उभरा और कविता का यथार्थ अतिनग्न होने लगा, यद्यपि विरूप स्थिति को एकदम उघाड़ कर रख देनेवाली बात पुष्ट तर्क के रूप में प्रस्तुत की जाती है, किन्तु केवल गाली देकर और नितान्त वस्तुवादी होकर कविता ने अपने यथार्थवादी उद्देश्य के प्रति ईमानदारी बरती है, इसमें सन्देह है। यह सन्देह इसलिए और बढ़ जाता है कि जिस समय राष्ट्र प्रत्येक ओर से दुरभिसन्धियों से घिरता जा रहा था, उस समय ये कवि रोज़ नए नामान्दोलन लेकर सामने आ रहे थे और हर नई सुबह नए मैनीफ़ैस्टो की आँख से स्थितियों को देख रहे थे। जाहिर है कि इस काल में बहुत कुछ कूड़ा-कचरा लिखा गया।
§   
§   
§  *** *** ***
कविता की लीक एक बार बदली तो बदलती ही चली गई। इन्दिरा गाँधी के प्रधानमंत्री बनते ही बैंकों का राष्ट्रीयकरण हुआ और देश का सबसे बड़ा दल व्यक्तिगत स्वार्थ के लिए दो भागों में बंट गया। नाटकीय राजनीति समाजवाद, धर्म निरपेक्षता, गुट निरपेक्षता, हरिजन कल्याण, अल्पसंख्यक सुरक्षा, गरीबी हटाओ, बेरोज़गारी दूर करो जैसे नारों के बल पर खुलकर खेली जाने लगी। उधर चुनावी राजनीति शुरू हुई और जातिवाद, वर्गवाद, सामुदायिकता को बिना किसी संकोच के बढ़ावा दिया गया। इस सब दशा पर प्रारम्भ में ही अंकुश लगाया जाना चहिए था, जो सही कलमकारों का दायित्व था, किन्तु हम देखते हैं कि ऐसा नहीं किया गया। जिन रचनाकारों ने कुछ तीखी बात कही, उन्हें जैसे न सुनने देने का संकल्प ही कर लिया गया, बाक़ी जिन्हे सुना और प्रसारित किया गया, वे नए राजाओं की शान में कसीदे लिखने वाले लोग थे। सारे देश ने देखा कि भारत-बंगलादेश युद्ध में भारतीय जवानों ने अपने रक्त से जो विजयश्री प्राप्त की, उसे शिमला में समझौते की मेज़ पर भुट्टो की झोली में डाल देनेवाले नेताओं को भी महान विभूति कहकर अनेक रचनाएं लिखी गईं। जनता ने खून के घूंट तो उस समय पिए, जब २६ जून १९७५ को सारे देश में ‘आपात स्थिति’ लागू कर दी गई और राष्ट्र को बहुत बड़ी जेल में बदल दिया गया। उस समय रचनाकारों की बहुत बड़ी जमात ने पुरानी दरबारी परम्परा को पुनर्जीवित किया। उसने उन कुछ गिनेचुने लेखकों पर कोई ध्यान नहीं दिया जो आपात स्थिति विरोधी आवाज़ उठाकर सींखचों के पीछे चले गए थे। इस जमात का मुख्य काम था, सत्ता द्वारा किए गए प्रत्येक कार्य का आँख बन्द करके समर्थन करना, भारत की भाग्यविधाता के रूप में प्रधानमंत्री को देखना, अनुशासन पर्व के नाम पर जनता के उत्पीड़न का समर्थन करना, चिन्तन की स्वतंत्रता का विरोध करना, समाचार पत्रों पर लगे सेन्सर को ठीक बताना और एक व्यक्ति की तानाशाही के प्रति समर्पित होना। बदले मे इस जमात के सदस्यों को सरकारी प्रतिनिधि मण्डलों की सदस्यता, विदेश भ्रमण की सुविधा और सरकारी पुरस्कार प्राप्त हुए। लगता था, कोई प्राचीन राजा अपने दरबारियों को तमगों के टुकड़े डाल रहा हो और दरबारी ‘हें हें’ करके खींसे निपोर रहे हों। कविता की इस भूमिका को कौन सुचिन्तक समय-सापेक्ष मान सकता है?
१९७७ में पुनः जनता के अपने साहस के बल पर राजनैतिक दृश्य परिवर्तित हुआ। इस समय साहित्यकारों द्वारा एक नया ही नाटक प्रस्तुत किया गया। वह था, अपने को दूसरी आज़ादी का मसीहा मनवा लेने की होड़। जिन संघर्षधर्मी लेखकों ने पहले नुक्कड़ सभाएं आयोजित करके पुलिस के डण्डे खाए थे और बाद में जेल जीवन में कैन्सर जैसी भयंकर बीमारियों प्राप्त की थीं, उन्हें इन नाटकबाज़ों द्वारा ठीक उसी प्रकार पीछे धकेल दिया गया, जिस प्रकार १९४७ में चालाक राजनेताओं ने स्वतंत्रता के वास्तविक प्रहरियों को। जनता पार्टी के शासन में पत्र-पत्रिकाओं के बीच विशेषांक-युद्ध चल पडा। ऐसे हज़ारों लेखक और कवि सामने आ गए जिन्होंने बहुत भावात्मक शब्दों में अपने आपात स्थिति विरोधी होने की क़समें खाईं और सारे अनुशासन पर्व को अत्याचार पर्व सिद्ध किया। जिस समय देश में विनाश पर्व मनाया जा रहा था, उस समय ये सब लोग अपनी वाणी कहाँ खो बैठे थे? यह सवाल आज भी आम आदमी को परेशान कर रहा है। स्मृति कमज़ोर होते हुए भी आम जनता अनेक अवसरों पर यह सोचने लगती है कि आज पिछले शासन को गाली देनेवाले ये लेखक कहीं उसी जमात के सदस्य तो नहीं है जिसने तानाशाही के दिनों मे सत्ता से बेशर्म होकर गठबन्धन कर लिया था और आम जनता का यह कभी-कभी की सोच साहित्यकारों की भावी युवा पीढ़ी के प्रति उसकी विश्वसनीयता पर हानिकारक चोट करता है। स्थितियां आज भी तेज़ी से बदल रही हैं। व्यक्ति पूजा बढ़ रही है, दल- बदल को प्रोत्साहन दिया जा रहा है, देश की आर्थिक प्रगति के सम्बन्ध में असत्य घोषणाएं करके सस्ती लोकप्रियता अर्जित की जा रही है, और किसी न किसी स्तर पर पुनःतानाशाही लाने के बारे में सोचा जा रहा है, किन्तु कविता बहुत कुछ करती प्रतीत नहीं होती। इस समय पत्र-पत्रिकाओं में, पुस्तकों में और कवि सम्मेलन के मंचों पर का तो समझ न आने वाली कविताएँ प्रस्तुत की जा रही हैं, या अतिवैयक्तिक कुण्ठाएं सामने आ रही हैं, या फिर मनोरंजन और रोमांस को उछाला जा रहा है।
समय और कविता की इस भूमिका से हमारी दृष्टि में ये बातें स्पष्ट होती हैं--
-कविता ने १९५० में नई कविता आन्दोलन के नाम से जिस स्वरूप को प्राप्त करने का प्रयास किया था और जिस दिशा में बढ़ने की घोषणा की थी, वह बहुत विश्वास से भरा हुआ था। -प्रारम्भिक काल में उसकी अभिव्यक्तियां सार्थक थीं क्योंकि कविता ने नव-स्वतंत्र राष्ट्र के नागरिकों से जुड़ने का प्रयास किया और उनकी आकांक्षाओं को रचना में ढाला। प्रारम्भ में ही शिल्प के बन्धन से मुक्ति की जो घोषणा की गई थी, वह उपयोगी थी। उसने शब्द से हटकर अर्थ पर केंद्रित होने की प्रवृत्ति को बढ़ावा दिया। -धीरे-धीरे राष्ट्र की आर्थिक-राजनैतिक दशा में परिवर्तन हुआ तथा जनता के स्वप्न खण्डित होने शुरू हुए। प्रारम्भ में तो कविता ने इन परिवर्तनों को अभिव्यक्ति दी, किन्तु धीरे धीरे कविता राष्ट्रीय परिवर्तनों के अनुरूप अपने अंदर परिवर्तन लाने में असमर्थ होती चली गई। -शिल्प-मुक्ति की सुविधा ने आगे चलकर अप्रासंगिक रचनाओं को बढ़ावा दिया क्योंकि ऐसे लेखकों की बाढ़ सी आ गई जो कविता के मर्म को नहीं समझते थे, किन्तु बन्धन मुक्ति के तर्क के आगे उनके कहे हुए को रचना न मानना सम्भव नहीं था। -स्वतंत्रता के बाद की इस कविता को वास्तविकता से काटने का कार्य प्रतिदिन सामने आनेवाले नए-नए आन्दोलनों ने किया। ये आन्दोलन अधिकतर व्यक्तिगत विरोधों के कारण सामने आए। कुछ के पीछे अस्वाभाविक विदेशी प्रभाव भी रहा। दोनों ही कारण नए काव्यान्दोलन की मूल अवधारणा से अलग हटकर कविता को जन्म देनेवाले बने। इन्होंने ही एक समय कविता को सेक्स, गाली, कुण्ठा, भय, इर्ष्या आदि का प्रतिरूप बना दिया।

-अभिव्यक्ति के क्षेत्र में यह नया काव्यान्दोलन एक अर्थ में आभिजात्य हो गया। प्रतीक बिम्ब और भाषा सभी कुछ नए साँचे में ढल कर सामने आए। कहा तो यह गया था कि नया शिल्प बहुत सरल
, समझ में आनेवाला, बेलाग तरीक़े से बात कहनेवाला और स्पष्ट होगा, किन्तु इतने वर्षों में भी ऐसा कुछ दिखाई नहीं दिया। आज भी अधिकांश पाठक इस शैली की रचनाओं से कतराते नज़र आते हैं। -आभिजात्य होने की इस स्थिति ने ही सम्प्रेषणीयता की समस्या को जन्म दिया। सम्प्रेषणीयता को मुख्य मुद्दा मानकर चलनेवाली कविता ही उसके निकट नहीं रह सकी, यह विशेष चिन्ता का विषय है। इस प्रश्न से यह कहकर नहीं बचा जा सकता कि अभी तक नए शिल्प की कविता का पाठक वर्ग तैयार नहीं हो सका है, या कि उसे समझने में समय लगेगा। कविता अपने पाठक से उसी समय से जुड़ जाती है, जिस समय उसका प्रथम प्रस्तुतीकरण किया जाता है- यदि ऐसा नहीं होता तो कविता का मूल उद्देश्य समाप्त हो जाता है।
§   
§   
§  *** *** ***
ये सब निष्कर्ष प्रस्तुत करते हुए हम यह स्पष्ट करना चाहते हैं कि हमने १९५० के बाद की कविता को निरपेक्ष दृष्टि से नहीं देखा है, हमने उसका अध्ययन किया है, जन्म से लेकर आज तक की उसकी भूमिका को राष्ट्रीय परिस्थितियों के सन्दर्भ में परखा है। तभी यह पाया है कि यह कविता बहुत अधिक मूल्यवान होते हुए भी युग के साथ समग्र रूप से जुड़ी नहीं रह सकी है, उस वर्ग के साथ तो बिल्कुल ही नहीं जिसे अनपढ़ कहा जाता है किन्तु उसकी संख्या भारत में सब से अधिक है। इससे प्रत्येक युवा रचनाकार के मन में असन्तोष पनपा है।
हमारी यह स्पष्ट मान्यता है कि नए युग की परिस्थितियों में कविता में नया सार्थक परिवर्तन आना चाहिए और नए ‘तेवर’ वाली ऐसी कविता का प्रारम्भ होना चाहिए जो ‘वैषम्य की निर्लज्ज मार से कण-कण ढूँढते हुए मनुष्य की घनीभूत पीड़ा, क्षोभ, हताशा, असन्तोष और विद्रोह को सही अभिव्यक्ति दे सके। इस नए ‘तेवर’ वाली कविता में ये विशेषताएं हों-
-यह कविता सम्प्रेषणीयता को मूल धर्म के रूप में स्वीकार कर चलें। -शिल्प के अनुशासन के सम्बंध में नई दृष्टि अपनाई जाय क्योंकि कविता को अंततः पाठक की स्मृति में स्थापित होना है। -यह किसी भी वाद में बंधकर न चलें। -किसी भी स्तर पर इस कविता में आभिजात्य प्रवृत्ति का समावेश न हो। -कविता नारेबाज़ी से हटे और उस मनःस्थिति की अभिव्यक्ति ही करे जो वास्तव में आम आदमी की है। -यह कविता विवरण, रूदन आदि से हटकर, क्रांति-प्रेरणा का कार्य करे। -यह कविता अपनी जमीन से जुड़ी हुई हो। युग की इसी आवश्यकता को स्वीकार करते हुए हिंदी काव्य के क्षेत्र में नए काव्यान्दोलन ‘तेवरी’ का उदय हुआ।

‘तेवरी’ काव्यान्दोलन अपनी पिछली किसी भी काव्यविधा की प्रतिक्रिया के रूप में सामने नहीं आया है वरन्‌ यह विधा मानव जीवन को अधिक निकट से देखने का प्रयास है। ‘तेवरी’ की परिभाषा करते हुए हमारा कहना है कि--
‘ऐसी कविता जो नंगी पीठ पर पड़ते हुए कोड़े की आवाज़, पिटते हुए व्यक्ति के मुख से निकली हुई आह-कराह, भरी सभा में भोली जनता के सामने घडियाली आँसू बहाता और कभी न पूरे होनेवाले चित्ताकर्षक आश्वासन देता हुआ नेता, भूखे बच्चे की बापू के आने का विश्वास दिलाती हुई महिला, रोटी मांगती हुई बच्ची, सेवायोजन कार्यालय के सामने खड़े-खड़े थकने पर सारी व्यवस्था को गाली देता हुआ नवयुवक, सुविधाओं के अभाव में आत्महत्या करता हुआ वैज्ञानिक तथा इन सब स्थितियों के विरुद्ध मनुष्य के भीतर लावे की तरह बहने वाला असन्तोष जन्म अक्रोश - इन सबको एक साथ प्रभावशाली रूप में अभिव्यक्ति प्रदान कर सके, निस्सन्देह ‘तेवरी’ है। तेवरी के स्वरूप के विषय में निम्नांकित बातें कही गई है-
-विशेष ‘तेवर’ वाली कविता के नाम से जिन विशेषताओं से युक्त कविता का संकेत ऊपर किया गया है, वह तेवरी है। - असन्तोषजन्य आक्रोश तेवरी का मुख्य भाव है, यह किसी भी प्रकार पराजय का लक्षण नहीं है वरन्‌ जन-जागरण एवं रचनात्मक क्रान्ति की भूमिका का निर्माता है। -प्रत्येक प्रकार की अव्यवस्था के प्रति आक्रोश और विद्रोह तेवरी के शब्द-शब्द से झलकता है। -यथार्थ के प्रभावशाली अंकन के लिए व्यंग्य को अपनाना तेवरी की प्रकृति का एक भाग है। -तेवरी ‘अक्खड़’ अभिव्यक्ति को प्राथमिकता देती है। यह अक्खड़ता साफ-साफ बेलाग बात कहने के लिए अत्यन्त आवश्यक है।

-तेवरी दुरभिसन्धियों की ओर संकेत भर करना नहीं चाहिए
, वरन्‌ पर्दाफाश करना चाहती है। उसका विश्वास है कि संकेत करके षड्यंत्रों के विरुद्ध किए गए सामूहिक प्रयासों में बराबर की हिस्सेदारी नहीं निबाही जा सकती। यदि क्रान्ति लानी है, तो संकेत से आगे सीधे प्रहार की मुद्रा में आना होगा। -तेवरी उस भाषा को अभिव्यक्ति के माध्यम के रूप में स्वीकारती है, जो गैर-सांप्रदायिक सार्वजनीन और समर्थ भाषा हो तथा समाज में प्रत्येक स्तर पर संवाद की स्थापना कर सके। -तेवरी मात्रिक तथा वणिक छन्दों में कही जाती है और गाई भी जा सकती है किन्तु गाया जाना उसकी अनिवार्य विशेषता नहीं है।
§   
§   
§  *** *** ***
तेवरी की पृष्ठभूमि में व्यक्ति, समाज, राष्ट्र आदि से संबंध रखनेवाली कुछ निश्चयात्मक विचारधाराएँ हैं।
व्यक्ति के सम्बन्ध में तेवरी की मान्यता है कि व्यक्ति की स्वतंत्र सत्ता है किन्तु उसे विभिन्न दुरभिसन्धियों के अजगरों ने जकड़ लिया है। इन दुरभिसन्धियों को छिन्न-भिन्न करके उस व्यक्ति को खोजना है जो साधारण मनुष्य है। स्मरणीय है कि यही व्यक्ति मानवीय स्वतंत्रता की लड़ाई का सैनिक है।
समाज व राष्ट्र के सम्बन्ध में यह बात बहुत स्पष्ट है कि आज ऐसे समाज की आवश्यकता नहीं है जो परम्परागत विरोधों को प्रश्रय दे रहा हो बल्कि तेवरी का लक्ष्य ऐसे समाज का गठन करना है जो प्रगतिशील हो और मुक्त वातावरण का हामी हो। राष्ट्रीयता की दृष्टि से भी उस राष्ट्रीय संवेदना को प्राप्त करना आवश्यक है, जो अपने साथ-साथ विश्व के धरातल से भी जोड़े। *** *** *** ***
आधुनिक जीवन को प्रभावित करनेवाले विविध तत्व हैं जैसे धर्म, राजनीति, समाजनीति, आर्थिक संरचना, संस्कृति और विश्वयुद्ध की सम्भावना आदि। इन सबने आधुनिक मनुष्य की विचारधारा और जीवन-पद्धति को प्रभावित किया है। यह प्रभाव दो रूपों में सामने आया है। एक- मनुष्य भय की स्थिति से घिरा है और दूसरे- उसके भीतर असंतोष, आक्रोश और विद्रोह पनपा है। तेवरी इनमें से किसी की उपेक्षा नहीं करती, बल्कि यह मानती है कि मनुष्य के भीतर पनपने वाली इस विचारधारा को बिना किसी छुपाव के सामने लाया जाना चाहिए।
+तेवरी की पृष्ठभूमि में पनपने वाली यह विशेष विचारधारा इस बात की हामी है कि कविता को ‘जन-जागृति’ का मध्यम बनाना अनिवार्य है। इस दृष्टि से कविता की तीन भूमिकाएं हैं--
-अव्यवस्था को खोलकर व्यक्ति के सामने रखना। -व्यक्ति के भीतर छिपे हुए संघर्षशील तत्वों को जगाना। -व्यक्ति को प्रहार की मुद्रा प्रदान करना।
अपनी इस भूमिका में तेवरी जनजागरण के उद्देश्य को पूर्ण करती है और यही उसकी सर्वाधिक महत्वपूर्ण भूमिका है।
§   
§   
§  *** *** ***
तेवरी के रचना विधान में भाग लेने वाले- भाषा, प्रतीक, बिम्ब, छन्द आदि- तत्व विशेष प्रकृति के हैं।
भाषा के सम्बंध में तेवरी काव्यान्दोलन किसी भी दुराग्रह को स्वीकार नहीं करता, तेवरी सम्प्रेषणीयता से जुड़ा हुआ समर्थ काव्यान्दोलन है। इसीलिए उसके द्वारा स्वीकार की गई भाषा के साथ हिन्दी, उर्दू या इनसे सम्बद्ध किसी भी भाषा-विवाद को नहीं बाँधा जा सकता। तेवरी का एक ही आग्रह है, सरल से सरल भाषा में जटिल से जटिल स्थिति को चित्रित करना। कबीर की भांति अभिव्यक्ति को सम्भव बनाने वाले किसी भी शब्द को भाषा का अंग बनाया जा सकता है। तेवरी की भाषा वह है जो साधारण से साधारण व्यक्ति को कविता के निकट ला सके, उसे उसके गुण और दोषों से परिचित करा सके, विकृति पर तीर की मानिन्द प्रहार कर सके तथा जीवन को संकल्पित आधार दे सके। तेवरी के भाषा विषयक दृष्टिकोण की विशेषता है- भाषा को भी आन्दोलन के स्तर पर स्वीकार करना और इस आन्दोलन की अनिवार्य विशेषता है- ‘भीड के बीच से शब्द उठाना और मस्तिष्क में उन्हें बो देना।’
प्रतीक और बिम्ब की दृष्टि से तेवरी काव्यान्दोलन उन समस्त प्रतीकों और बिम्बों को अपर्याप्त और अयोग्य मानता है, जो लघु व्यक्तित्व वाले हैं तथा सामन्ती हैं। तेवरी में प्राकृतिक, वैज्ञानिक, सामाजिक, शस्त्र सम्बन्धी, राजनैतिक, मनोवैज्ञानिक और यान्त्रिक क्षेत्र से ऐसे प्रतीक और बिम्ब ग्रहण किए जाते हैं, जो सरल हैं, समझ में आनेवाले हैं तथा कविता के ‘पुरुष’ तेवर को बनाए रखने में सक्षम हैं।
तेवरी मात्रिक या वर्णिक छन्द में कही जाती है, यह छन्द प्रथम, द्वितीय तथा सभी समपंक्तियों में तुकान्त होता है। तेवरी काव्यान्दोलन के लिए तुकान्त छन्द अपनाने का कारण है- कविता की पहुँच को बढ़ाना। यह आन्दोलन अनुभव करता है कि जन-जागृति का लक्ष्य तब तक प्राप्त नहीं किया जा सकता, जब तक कि कविता स्मरण योग्य रूप में न रची जाए। साथ ही, कविता का यह भी दायित्व है कि वह रचे जाने के साथ-साथ पाठक भी स्वयं ही तैयार करे, इसके लिए उसमें पाठकों को अपनी ओर आकर्षित करने की शक्ति होना आवश्यक है और यह छन्दोबद्धता और तुकान्तता में निहित है। आज भी व्यापक जनमानस में जो कविताएं अपना स्थान बनाए हुए है, उनके पीछे छन्द और तुक बहुत बड़ी शक्ति के रूप में हैं। अतः छन्द और तुक को स्वीकार करके यह काव्यान्दोलन जागृति के संस्कार बोने में सफलता प्राप्त करना चाहता है।
§   
§   
§  *** *** ***
तेवरी के शिल्प के सम्बंध में बात करते समय यह स्पष्ट कर देना अनिवार्य है कि उर्दू की काव्य विधा गज़ल और तेवरी को लेकर कोई विवाद खड़ा नहीं किया जाना चाहिए। सरसरी तौर पर देखने से ऐसा लग सकता है कि गज़ल और तेवरी का स्वरूप एक सा है, किन्तु गम्भीर रूप से देखने पर दोनों का अन्तर स्पष्ट हो जाता है। गज़ल का जो अनुशासन है, वह अपनी परम्परा से अब तक बिना किसी परिवर्तन के बँधा चला आ रहा है, उसका प्रत्येक शेर अपने में स्वतंत्र होता है और उसकी विषयवस्तु बहुत कुछ असंबद्ध होती है, जबकि तेवरी का प्रत्येक ‘तेवर’ स्वतन्त्रता का आभास देता हुआ भी मूल विषयवस्तु से सम्बद्ध होता है। रचना के प्रारम्भ में किसी विषयवस्तु को उठाया जाता है और जैसे-जैसे नए तेवर जुड़ते जाते हैं वैसे-वैसे वह विषयवस्तु विकास प्राप्त करती चली जाती है, अन्त तक आते-आते रचना का प्रभाव अपनी समय सम्बद्धता को स्पष्ट कर देता है और इस प्रकार पाठक विशेष मानसिक प्रभाव को ग्रहण करता है। इस समूची प्रक्रिया में तेवरी की अपनी मौलिक देन यह है कि वह पाठकीय संचेतना को बाँध लेती है जबकि गज़ल में यह संचेतना बहुत कुछ विश्रंखलित हो जाती है।
वैसे भी गज़ल की मानसिकता कोमल-सौंदर्य प्रधान संचेतना से जुड़ी हुई है[जहाँ भी उर्दू गज़ल अपने इस दायरे को तोड़कर बाहर आयी है, वहीं उसका स्वरूप विचित्र सा हो गया है। यही कारण है कि उसकी प्रासंगिकता को प्रश्नांकित होने से बचाने के लिए गज़ल के हामी ‘किसी शेर का अर्थ कहीं भी जोड़ा जा सकता है’, कहते नज़र आते हैं। वास्तव में यह कोई वज़नदार तर्क नहीं है।] तेवरी के साथ इस प्रकार की मजबूरी नहीं है। उसकी दृष्टि में सौन्दर्य उस विशेष रचनादृष्टि के भीतर से जन्म लेता है, जिसे कवि अपने युग के यथार्थ वातावरण से प्राप्त करता है। आज का जो भी यथार्थ है, वही रचना की सौन्दर्य-चेतना का सृष्टा है। इससे अलग होकर तेवरी नहीं चलना चाहती।
§   
§   
§  *** *** ***
तेवरी काव्यान्दोलन के माध्यम से हम गम्भीरता के साथ दायित्व के प्रश्न को उठाना चाहते हैं। कविता मनुष्य को उसके उत्तरदायित्व से जोड़ती है। व्यक्ति से लेकर विश्व तक का विविध-पक्षीय जीवन कैसा है, संचालक व्यवस्था द्वारा किस-किस प्रकार की कार्य-प्रणालियाँ अपनाई गई हैं, विकास के अवसरों का उपयोग किस प्रकार किया जा रहा है, सामजिक परिवर्तन किस रूप में घट रहे हैं, विज्ञान की क्षमता को विश्व के अलग-अलग वर्ग किस रूप में प्रयोग कर रहे हैं, ग्रामीण और नगरीय जीवन का सम्बन्ध कैसा है, मनुष्य के शोषण के स्त्रोत क्या-क्या हैं, स्थायी शान्ति के मार्ग की बाधाएँ क्या हैं - आदि अनेक प्रश्न ऐसे हैं, जिनका सम्बन्ध सम्पूर्ण मानवजीवन से है। अतः यह आवश्यक है कि अब तक इन प्रश्नों पर होनेवाली ‘फ़ाइव स्टार होटल’ या ‘कवेन्शनहाल’ मार्का बहस को खुले आसमान के नीचे लाया जाए। इसके लिए विशेष वर्गों के वर्चस्व को तिलांजलि देकर इसमें सामान्य आदमी की भागीदारी को स्वीकार करना पड़ेगा। केवल ऐसा करके ही- उन सर्व-स्वीकृत निष्कर्षों तक पहुँचा जा सकेगा, जो सत्य और व्यावहारिकता के निकट होंगे तथा विभिन्न परिस्थितियों के अनुकूल होंगे। इस समूची प्रक्रिया से सामन्य आदमी को दयित्व-बोध भी दिया जा सकेगा। जब वह इन सारे प्रश्नों से सीधा साक्षात्कार करेगा तो उसके भीतर की रचनात्मकता जागेगी, यही उसे सगज और दायित्वपूर्ण बनाएगी। इस सम्बन्ध में कविता की भूमिका यह है कि वह एक ओर तो भयावह रहस्यात्मकता को तोड़कर उपयुक्त वातावरण बनाए, दूसरी ओर समाज के प्रत्येक सदस्य के भीतर भागीदारी की चेतना को जगाए। तेवरी इस कार्य को अपने प्राथमिक कार्यों की सूची में स्थान देती है।
इसके साथ ही हम यह भी कहना चाहते हैं कि तेवरी काव्यान्दोलन से जुड़े हुए रचनाकार प्रत्यक्ष रूप से भागीदारी के सवाल से जूझनेवाले हैं। उनकी दृष्टि में जागरण को वेदमन्त्रों की भांति ईश्वरीय विधान के अन्तर्गत प्राप्त नहीं किया जा सकता, न उपदेश, आदेश और कीर्तनों में उसे ढूँढा जा सकता है। उसे केवल तभी प्राप्त किया जा सकता है जबकि उन लोगों से भाईचारा स्थापित किया जाए जिनके बीच उसे फैलाना है। उन लोगों में अपने को घुला-मिला लिया जाए जो उसके सच्चे वाहक हैं, वह ऐसे संकल्प समर्पित कार्यकर्ताओं की है जो अपना अलग वर्ग नहीं बनाते, बल्कि अपने को उस वर्ग के एक सदस्य के रूप में देखते हैं जिसके लिए कविता लिखी जा रही है। ऐसा करके यह आन्दोलन कविता और कवि दोनों को जनता की वस्तु बनाना चाहता है।
§   
§   
§  *** *** ***
तेवरी काव्यान्दोलन का क्षेत्र व्यापक है--
-इस युग में राष्ट्रीय और अन्तरराष्ट्रीय जीवन में कविता की भूमिका विवादस्पद हो गई है क्योंकि उसका ‘शिवेतरक्षतये’ पक्ष धूमिल होता जा रहा है। तेवरी काव्यान्दोलन इस विवादास्पद भूमिका को समाप्त करके निश्चित वातावरण की सृष्टि करेगा। -तेवरी काव्यान्दोलन कविता में से अनुपयोगी और फैशनपरस्त प्रयोगों को निकालेगा और काव्य प्रयोगं की उपयोगी श्रंखला को प्रोत्साहन देगा। -तेवरी काव्यान्दोलन का प्राप्तव्य ‘जागृति’ है। यह जागरण क्रान्ति का अनिवार्य एवं प्राथमिक पग है। यह आन्दोलन इसे लाने में प्रयासरत है। -तेवरी काव्यान्दोलन कविता में जनता की विश्वसनीयता की पुनर्स्थापना करेगा। -तेवरी काव्यान्दोलन व्यक्ति और व्यक्ति, व्यक्ति और समाज, व्यक्ति और राज्य तथा व्यापक जनसमूह के बीच संवाद को सम्भव बनाएगा। इसके लिए वह हर सम्भव ऐसे प्रयास करेगा जिससे कि सभी वर्ग एक दूसरे को समझ सकें और परस्पर निकट आ सकें। -तेवरी काव्यान्दोलन भाषा के उस रूप को विकसित करेगा जो सामान्य सम्पर्क की भाषा होगी और जिसका व्यवहार बिना किसी भेद-भाव के किया जा सकेगा।
तेवरी काव्यान्दोलन की इस घोषणा के साथ ही हम यह संकलन विश्व के उस प्रत्येक व्यक्ति को समर्पित कर रहे हैं जो कहीं भी किसी भी प्रकार के शोषण के विरुद्ध संघर्षरत है!
-देवराज एवं ऋषभ देव शर्मा ‘देवराज’ जून १, १९८२

[स्रोत  : तेवरी, १९८२, देवराज एवं ऋषभ देव शर्मा ‘देवराज’, पृष्ठ ३ से २१ तक]

Tuesday, July 19, 2016

तेवरी और ग़ज़ल, अलग-अलग नहीं +कैलाश पचौरी

तेवरी और ग़ज़ल, अलग-अलग नहीं

+कैलाश पचौरी
----------------------------------------------------------------------------
मैंने आपके सम्पादन में प्रकाशित ‘तेवरीपक्ष’ के कुछ अंक देखे हैं और उनके बावत पाठकीय प्रतिक्रिया से भी अवगत होता रहा हूँ । मसलन एक आम प्रतिक्रिया यह रही कि आपने यह ‘तेवरी’ नाम ही क्यों चुना है। मैं भी सोच रहा था कि आपको एक पत्र लिखूं और मालूम करूँ कि इसके पीछे आपनी सही मंशा क्या है, लेकिन वैसा हो नहीं पाया।
जहां तक पत्रिका के नामकरण का प्रश्न है यदि इसका नाम ‘नये तेवर’ रक्खा जाता तो क्या बुरा था। क्योंकि गजल को चर्चित और प्रतिष्ठत होने के लिये जिन तेवरों की दरकार थी वे तो पूर्व में ही सर्व श्री दुष्यन्त कुमार, महेश अनध, भवानी शंकर, शहरयार, आशुफ्ता चंगेजी आदि द्वारा दिये जा चुके हैं। लेकिन नाम परिवर्तन जैसी जरूरत उन्होंने भी महसूस नहीं की। उसमें एक नया क्रिएट करते हुए अपने डिक्शन को माडरेट करने की कोशिश अलबत्ता जारी रखी। बात को थोड़ा स्पष्ट किया जाये तो ग़ज़ल की भाषा का रंग और उसका ट्रेडीशनल स्ट्रक्चर कायम रखते हुए भी इन लोगों ने कथ्य की जमीन पर बहुत कुछ अपनी ओर से जोड़ना चाहा और वे इसमें कामयाब भी हुए। बुनियादी ढांचे में रद्दोबदल किये बिना नाम परिवर्तन मेरे विचार से एक बहुत ही भौतिक किस्म की घटना है। जो स्पष्टतः व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं का संदेह लोगों के मन में उत्पन्न कर सकती है जबकि भले आपके इरादे वैसे न हों।
आपने अपने पर्चे में लिखा है कि ‘तेवरी का ग़ज़ल से न तो कोई साम्य है और न विरोध ही’। आपका यह कथन भी पूरी तरह बेवाक तथा सच नहीं है। यह बिल्कुल वैसा ही है कि नीरज कहें कि उनकी ‘गीतिका’ उर्दू ग़ज़ल से भिन्न है जबकि उनकी ग़ज़लों [या गीतिकाओं] की टैक्नीक पूर्णतः उर्दू टैक्नीक ही है। फिर भी हिन्दी पत्रिकाओं में अपना  वैशिष्ट्य [बिल्कुल अनावश्यक] कायम करने की वजह से उन्हें ‘गीतिका’ लिख दिया गया। तेवरी-पक्ष की अधिकांश रचनायें भी बेसीकली ‘गजल के फार्म में ही हैं। कमोवेश उनका लहजा भी वही है। उन्हें दोबारा पढ़ते हुए भी यह समझ में नहीं आता कि उन्हें उर्दू गजल से किन आधारभूत बिन्दुओं के संदर्भ में अलग किया जा सकता है। यह सम्भव है कि ‘तेवरी-पक्ष’ की गजलें ज्यादा सशक्त, सटीक एवं मारक हों। उसमें निष्ठावान रचनाकारों का ही चयन किया गया हो। लेकिन सिर्फ इस वजह पर ही तो हम उन्हें एक नई विधा [बकौल तेवरी-पक्ष] का उद्गम नहीं मान सकते।
‘ग़ज़ल’ का जहाँ तक सम्बन्ध है, मैं यह मानता हूँ कि मूलतः यह उर्दू का छंद है, ठीक वैसे ही जैसे हम कहें कि दोहा हिन्दी का छंद है। पाकिस्तान की उर्दू शायरी में इन दिनों दोहे खासतौर पर लिखे जा रहे हैं। और सूक्ष्म जाँचपड़ताल करने पर उनमें खालिस हिन्दी रंग अलग से देखा जा सकता है। यह एक दिलचस्प पहलू है कि भारत के उर्दू शायर हिन्दी शब्दों  का प्रयोग करने पर आमतौर से कतराते हैं [जबकि हिन्दी कविता में उर्दू शब्दों की भरमार है] लेकिन पाकिस्तान की उर्दू शायरी में भाषाई विभेद किये बिना हिन्दी शब्दों का उपयोग धड़ल्ले से किया जा रहा है। यह बात  अनेक उदाहरण देकर सिद्ध की जा सकती है। ठीक ऐसे ही जब हिन्दी रचनाकार ग़ज़ल  लिखता है तब हजार कोशिशों के बाद भी उर्दू रंग छूटता नहीं। किसी को भी देख लीजिए आप, चाहे वे बलवीर सिंह रंग, बाल स्वरूप राही, दुष्यन्त कुमार हों या गोपाल दास नीरज। बरसों लिखने तथा छपने के बाद भी ‘हिन्दी ग़ज़ल’ जैसी  कोई प्रतिष्ठावान विधा की सरंचना नहीं कर पाये।
यह माना जा सकता है कि ‘ग़ज़ल’ उर्दू शायरी पर एक लम्बे अर्से तक छायी रही है और कमोवेश आज भी छाई हुई है, यह बात अलग है कि सृजनात्मक लेखन के दृष्टिकोण से अब उसका महत्व नहीं रह गया है। इन दिनों नज्म जहाँ ग़ज़ल पर भारी पड़ती है। साहिर की ‘गालिब की ‘मजार पर’ तथा ‘ताज महल’ जैसी नज्मों से गुजरते हुए यह स्मरण भी नहीं रहता कि उन्होंने ग़ज़लें भी लिखी हैं। गुलजार, अमृता प्रीतम, सरदार जाफरी, कैफी आजमी की नज्मों ने उर्दू शायरी की आधुनिकता बनाये रखी है। वर्ना आप बतलाइये कि उर्दू की नयी पीढ़ी में कोई ऐसा भी ग़ज़लकार है जिसे जिगर, जौक और मोमिन जैसी प्रतिष्ठा और प्रसिद्धि मिली हो?
‘समकालीन भारतीय साहित्य’ के पिछले अंक में बशीर बद्र की कुछ ग़ज़लें पढ़ने को मिलीं। आप जानते हैं कि बशीर बद्र का नाम उर्दू के आधुनिक ग़ज़लकारों में सिम्बालिक इम्पार्टेन्स का है। सोचा था गजलों में कोई गैरमामूली बात होगी लेकिन पढ़ते हुए लगा कि वही आम शिकायत उनके यहाँ भी मौजूद है | दस ग़ज़लों में से आठ यूं ही-दो उल्लेखनीय। फिर दो में भी ऐसा नहीं कि ग़ज़ल के सभी शेर एक से वजन के हों। तीन शेर बहुत ऊंचे तो दो फुसफुसे। आपको यह मानना होगा कि ग्राफ का यह उतार चढ़ाव ही ग़ज़ल के प्रति एक अजीब सी वितृष्णा भर देता है। लेकिन इसका यह अर्थ कदापि नहीं है कि वे ग़ज़लों पर सृजनात्मक कार्य नहीं कर रहे हैं। ग़ज़ल संग्रह [शीघ्र प्रकाश्य] ‘नया विकल्प’ में प्रकाशित उनकी एक प्रसिद्ध ग़ज़ल का एक  शे’र कोट कर रहा हूं। आप देखिये सामंती [दरबारी] संस्कृति पर इसमें कितनी करारी चोट की गई है।
‘अपना भारत भवन देख कर भील बस्तर का यूं कह गया
आप रहते हैं भोपाल में, यह हमारा ठिकाना नहीं’
‘आप रहते हैं भोपाल में’ पंक्ति का व्यंग्य तथा ‘यह हमारा ठिकाना नहीं’ के पीछे जो लयात्मक संवेदनशीलता छुपी हुई है दरअसल वही रचना को एक जीवंत ऊर्जा प्रदान करती है। जहाँ तक मुझे स्मरण है- मैंने सबसे पहले आपकी गजलें कथाबिम्ब में पढ़ी थीं और मैं हो नहीं बल्कि अनेक पाठक उनसे प्रभावित हुए थे। इसी तरह दिल्ली से प्रकाशित एक महिला पत्रिका ‘रमणी’ में तीन शेरों वाली आपकी एक छोटी सी ग़ज़ल पढ़ी थी और उसे पढ़कर मैं गहरे तक अभिभूत हुआ था। तीन छंदों में वह बात पैदा कर दी गई थी जो किसी दूसरे कवि द्वारा तीस छंदों में भी नहीं हो पाती। कथ्य इतना साफ सुथरा और बेबाक होकर उतरा था कि कुछ पूछिए ही मत। शलभ श्री राम सिंह की गजलें भी उतनी ही पैनी और बेवाक लगी। खासतौर से ‘कथन’ में प्रकाशित उनकी चार गजलें जिन पर व्यापक पाठकीय प्रतिक्रिया हुई। उनके ग़ज़ल संग्रह ‘राहे ह्यात’ की गजलों के तेवर भी काफी तीखे हैं, लेकिन लहजा चूंकि मुकम्मल तौर पर उर्दू शैली का है अतः उसमें कहीं से भी ‘ हिन्दीपन’ का अहसास नहीं होता। या यूं कहें कि हिन्दी के सृजनात्मक लेखन से जोड़ने का कोई ठोस अथवा वायवीय औचित्य प्रमाणित नहीं होता।
 अपने पर्चे में अपने सोच के दायरे में जिन मुद्दों पर ध्यान केन्द्रित करना चाहा है वे वाम पंथी घोषणा पत्रों  में सैकड़ों बार रिपीट हो चुके हें। हर जागरूक लेखक  [जिसके लेखन की प्रासंगिकता कायम है] चाहता है कि शोषण के दुर्ग को ढहा दिया जाये। मुखौटे नोच लिये जायें, सामाजिक ऐतबार से घातक और विघटनकारी प्रवृत्तियों पर तेजी से हमला किया जाये। इन्सान को बेहतर तथा जागरुक बनाने की दिशा में कारगर पहल होनी ही चाहिये। ये तमाम बिन्दु हमारे लेखन को अनिवार्यतः रेखांकित करें ऐसे प्रयास तेज और तेजतर रफ्तार में जारी रहने चाहिये।

बहरहाल अच्छा लेखन [अच्छे लेखन से तात्पर्य उसे लेखन से है जो पिष्टपेषण की प्रवृत्ति से दूर होकर मानवीय मूल्यों तथा संवेदना की जमीन पर अपनी जड़ें फैलात है] सामने आये। लेकिन वह एक खास मीटर तथा लहजे तक ही सीमित न रहे। बात तभी बन सकती है, जब उसका कान्टेन्ट ब्रांड हो। मेरी धारणा है कि निष्ठावान प्रतिभाएँ कुछ भी लिखें उसमें उनका रंग तो बोलता ही है और यही उनकी सृजनात्मकता की सही पहचान भी है। दरअसल सृजनात्मकता की शर्ते इतनी कठोर हैं कि केवल ‘नाम परिवर्तन’ से ही उस जमीन पर प्रतिष्ठत हुआ जा सके, यह मुश्किल दिखाई देता है। फिर भी आपके सदाशयी तथा कर्मठ प्रयासों के लिये अपने बधाई देना चाहता हूँ कयोंकि आपके भीतर मुझे वह सृजनात्मक ऊष्मा महसूस होती है जो उस जमीन पर पहुंचने के लिये बेहद जरूरी है जिसका उल्लेख अभी-अभी मैंने किया हैः बहरहाल...।

Thursday, July 14, 2016

तेवरी में नपुंसक आक्रोश +बी.एल. प्रवीण

तेवरी में नपुंसक आक्रोश

+बी.एल. प्रवीण
---------------------------------------------------------------
इन दिनों ग़ज़ल को लेकर जो बहस के मुद्दे सामने आए हैं, और ग़ज़ल के खिलाफ जो कुछ भी कहा जा रहा है, वह न केवल गैर जिम्मेदाराना है बल्कि कहने वालों के कथन में शे’रो-शायरी से दूर से भी जान-पहचान नहीं लगती। ग़ज़ल को पारिभाषिक दृष्टि से देखें तो इसमें हुस्नोइश्क के अलावा नैतिकता, दार्शनिकता, धार्मिकता, एकता, राष्ट्रीयता, अध्यात्मिकता आदि विषयक ख्यालोतजुर्बे जमाने से मिलते हैं | मसलन, गालिब, मीर, दर्द, शाद, हसरत, फानी, जिगर, जोश, फैल, साहिर, कैफी, आजमी, अली सरदार जाफरी, वगैर,बगैरह। तेवरी वह खुला मैदान है, जहां न कोई बन्दिश है न घेराव, पागलों की तरह चीखना चिल्लाना है जहां बास्ट की घुटन है जिसमें मौत के लिए जगह तो है। लेकिन जिन्दगी की शहनाइयों के लिए कोई उम्मीद नहीं है। कुछ और लोगों की ग़ज़ल के बारे में क्या राय है, वह भी तेवरी वालों को जान लेनी चाहिए। मिसाल के तौर पर नरेन्द्र वशिष्ट-‘अभिव्यक्ति की दृष्टि से ग़ज़ल अपने आप में सम्पूर्ण अभिव्यक्ति का माध्यम है निजी भी और सामाजिक भी’। शिव ओम अम्बर के अनुसार आज की गजल किसी शोख नाजनीन की हथेली पर अंकित मेंहदी की दंत कथा नहीं, युवा आक्रोश की मुट्ठी में थी हुई प्रलयंकारी मशाल है, वह रनवासों की स्त्रिायों से प्राप्त की गई किसी रसिक की रसवार्ता नहीं बल्कि भाषा के भोजपत्र पर विप्लव की अग्निऋचा है’।
अतः यह मान लेने की बात है, ग़ज़ल, शिल्प, कथ्य, कलात्मकता, वैचारिक प्रस्तुतीकरण की दृष्टि से जितनी शीरी है। उतनी ही तल्ख भी, जो सम-सामयिकता वक्त और हालात से गहरे रूप में जुड़ी है।

इसके विरूद्ध गजल बयानी दरअसल शातिराना चालें है, तेवरी नपुंसक आक्रोश की तरह है, चिल्लाहट, बौखलाहट में स्वयं को स्थापित करने की साजिश की बू है, और कुछ भी नहीं!

‘तेवरी’ ग़ज़ल का एक उग्रवादी रूप +सतीशराज पुष्करणा

‘तेवरी’ ग़ज़ल का एक उग्रवादी रूप  

+सतीशराज पुष्करणा
----------------------------------------------------------------------
सुपरब्लेज के मार्च-85 अंक के ‘बहस’ शीर्षक स्तम्भ के अन्तर्गत रमेशराज द्वारा प्रस्तुत प्रतिक्रियात्मक आलेख ‘ग़ज़ल-ग़ज़ल है, तेवरी-तेवरी’ पढ़कर ऐसा प्रतीत हुआ जैसे यहां भी खालिस्तान की मांग की तरह पृथकतावादी का हाथ खड़ा किया जा रहा हो।  यह तय है कि ग़ज़ल एक पुरानी विधा है जिसका अभिप्राय प्रातः माशूका के लिए ही लिखे जाने से रहा है। यह बात दिगर है कि आज परिस्थितियों के समानान्तर ग़ज़ल के कथ्य में कुछ विशेष किस्म का तेवर महसूस किया जा रहा है। तथापि दायरे वही हैं | इसी बदलते हुए तेवर को देखकर तथाकथित इसके पक्षधर लोग इसे तेवरी शीर्षक देकर एक अलग पहचान बनाने की कोशिश में लिप्त दिखाई पड़ रहे हैं।
परन्तु मेरी समझ से, अगर ग़ज़ल का तेवर बदला है तो इससे ग़ज़ल के अस्तित्व पर कोई खतरा उपस्थित नहीं हुआ है? तेवरी शब्द किसी भी भावनात्मक स्थिति को दर्शाता है न कि किसी भावना-विशेष के एक पक्ष को। यानी मासूका के प्रति लिखी गई ग़ज़ल में भी एक खास तेवर है। इसी प्रकार तथाकथित जेहादी किस्म के उस विचार वाले अथवा समाकालीन स्थितियों के विरूपित करने वाले सद्दश काव्य रूपों में भी हम एक प्रकार का तेवर पाते हैं। श्री रमेश राज के अनुसार शांति शीर्षक से क्रांति की बात नहीं की जानी चाहिए। दूसरी तरफ वे वह भी कहते है कि विरहाग्नि में जलती हुए प्रेमिका के चेहरे पर सूर्य की प्रखरता [ क्रांति के प्रतीक ] अथवा प्रकाश पिंड की चमक देखी जा सकती है। यानी दूसरी पंक्ति में वे इस बात को स्वीकार करते हैं कि मासूका की विरहाग्नि में लिखी गई गजल में तेवर की मधुरता उग्र-सी हो सकती है।
जैसाकि कहानी, लघुकथा, परीकथा, दंतकथा, संदर्भ कथा, आदि के वर्गीकरण के आधार के बावजूद ये सब कहानी हैं । रचना के कथ्य, विस्तार और संप्रेषणीयता आदि को मद्देनजर रखते हुए ‘तेवरी’ भी ग़ज़ल का एक उग्रवादी रूप ही है।


ग़ज़ल सिर्फ ग़ज़ल है तेवरी नहीं! +तारिक असलम तस्नीम

ग़ज़ल सिर्फ ग़ज़ल है तेवरी नहीं!

+तारिक असलम तस्नीम
-------------------------------------------------------------------
‘सुपरब्लेज के बहस-स्तम्भ में भाई रमेशराज के विचार पढ़कर लगा कि उन्हें शायद बेवजह की थोथी बहस करने की आदत-सी है। वे ग़ज़ल  के कुछ बदले हुए रूप को ‘तेवरी’ की संज्ञा देने पर उतारू हैं। बात समझने की है कि आदिमानव भी आदमी ही था आज भी आदमी ही कहलाता है और सदैव वह आदमी ही कहलाता रहेगा। अब यदि कोई रमेश जी-सा व्यक्ति आदमी के बदले हुए रूप को यदि कोई अन्य संज्ञा देने पर उतारू हो जाए तो सिवा उसकी अपाहिज महत्वाकांक्षा पर तरस खाने के अलावा उसको क्या कहा जा सकता है?

वर्तमान में गजल न तो प्रेमी-प्रेमिका के बात-चीत के अर्थ में है और न ही हिरन के मुंह से निकली कराह है। प्रातः वन्दनीय आचार्य रामचन्द्र शुक्ल के कथनानुसार, साहित्य समाज का दर्पण है। अतः साहित्य की सभी विधाएं भी इस कथन की अनुगामी हैं। वर्तमान में काव्य की सभी उपविधाएं, अन्य विधाएं एवं अनुविधाएं वर्तमान की स्थितियों एवं परिस्थितियों से पूर्णरूपेण प्रभावित हैं। उसी प्रकार ग़ज़ल ने भी अपने तेवर समय के अनुरूप बदले हैं और अब वह कथ्य के आधार पर नहीं बल्कि प्रारूपमात्र है। अतः उसे ‘तेवरी’ या इसी प्रकार की कोई भी संज्ञा देना ठीक वैसे ही है- जैसे वर्तमान में आदमी को आदमी न कहकर कुछ और कहना।

तेवरी : व्यवस्था की रीढ़ पर प्रहार +ओमप्रकाश गुप्त ‘मधुर’

तेवरी : व्यवस्था की रीढ़ पर प्रहार

+ओमप्रकाश गुप्त ‘मधुर’
--------------------------------------------------------------------
‘तेवरी-आन्दोलन’, कुछ प्रकाशन, एक समीक्षा
आलोच्य-
1-कबीर जिंदा है- सम्पादक- रमेशराज
2-इतिहास घायल है- सम्पादक- रमेशराज
3-एक प्रहार, लगातार-लेखकः दर्शन ‘बेजार’
4-अभी जुबां कटी नहीं- सम्पादक-रमेशराज
5-तेवरीपक्ष, अंक-3, सम्पादक-रमेशराज
आन्दोलन के संदर्भ राजनैतिक, धार्मिक, सामाजिक या साहित्यक हों, उसकी मौलिक चेतना विद्रोहात्मक और स्वर तिक्त तथा उग्र हुआ करता है। किसी व्यवस्था के बोझ-तले कसमसाते हुए बहुतेरे लोग परिवर्तन की प्रतीति से अपने तेवर उभार लेते हैं और अपने वैयक्तिक तथा सामूहिक प्रहार से व्यवस्था पर निरंतर चोट करते रहते हैं। यह सही है उनमें से अनेक किसी सर्जनात्मक सोच से अनुप्राणित नहीं होते हैं। बस पुरातन के विरुद्ध जेहाद करना ही उनका अभिप्रेत होता है। परन्तु युग-परिवर्तन की प्रक्रिया में उनका भी योगदान कुछ कम करके आंकना अनुचित होगा क्योंकि जब तक कुछ लोग पुराने को तोड़कर मलवा हटाने का प्रारंभिक कार्य नहीं करेंगे तब तक तामीर के शिल्पकारों को हाथ पर हाथ धरकर बैठना ही पड़ेगा।
अतः तेवरी आन्दोलन की अलख जगाने वाले अलीगढ़ के युवा साहित्यकार निश्चय ही एक स्तुत्य और श्लाघनीय कवि-कर्म में प्राण-प्रण से जुटे हुए हैं। इनमें से कुछ लोग व्यवस्था की रीढ़ पर प्रहार करते हुए उसे गिराने में सन्नद्ध हैं तो दूसरे तेवरीकार नई दिशाओं में मंजर पेश करने में पूरी ईमानदारी से लगे हुए हैं।
‘तेवरी’ नामकरण अजीबोगरीब-सा लगता है क्योंकि उर्दू-लुगत या शब्दकोष में ‘तेवर’ शब्द का तो अस्तित्व है ‘तेवरी’ का नहीं। तेवरीकारों के फतवे या घोषित ‘मैनीफैस्टो’ में यह स्वीकार किया गया है कि उर्दू-काव्य में ‘ग़ज़ल की सरसता, रूमानियत और जेहनियत से प्रभावित होकर स्व. दुष्यंत कुमार ने हिंदी-कविता में ग़ज़ल लिखने की पहल की।
‘आपातकाल ने तेवरी के सीने में तिलमिलाते विद्रोह के ज्वालामुखी भर दिये’। [ पृष्ठभूमि-अभी जुबां कटी नहीं ]
 उपर्युक्त कथन के अनुसार स्व. दुष्यंत कुमार ने हिंदी-कविता की हाट में ग़ज़ल का आकर्षक कलेवर लेकर उसमें विद्रोह का चिंतन अवेष्ठित कर उसे एक मौलिक बानगी के रूप में प्रस्तुत किया और दुष्यंत कुमार कृत हिंदी गजलों की सर्वप्रियता और ग्राह्यता पर प्रश्नचिन्ह लगाना दुष्कर होगा। लेकिन दुष्यंत कुमार ने अपनी रचना-धर्मिता को तेवरी-संज्ञा से कभी विभूषित किया हो-ऐसा तो याद पड़ता नहीं। यह भी श्री नीरज, श्री बलवीर सिंह रंग, श्री साहिर लुधियानवी और श्री सूर्यभान गुप्त ने अपनी ग़ज़लनुमा रचनाओं को ‘तेवरी’ नाम से अभिहित किया हो, कभी यह भी सुनने में नहीं आया। तो इन नामधारी प्रख्यात कवियों को तेवरी-आन्दोलन के खेमे में ले आना यदि प्रामाणिक है तो इस आन्दोलन के जन्मदाताओं और पक्षधरों की साहित्यक मुहिम की एक भारी जीत समझी जानी चाहिए।अन्यथा आन्दोलन को बालू की दीवार के सहारे खड़ा करने का बाल सुलभ प्रयास ही कहा जायेगा।
ग़ज़ल शब्द स्त्रीलिंग है, अतः उसका हिन्दीकरण करते हुए लिंगानुरूप तेवरी नाम दिया जाना भाषायी उठापटक है, महज आन्दोलन के बपतिस्मे की गरज से उसके पीछे अकाट्य तर्क, संस्कार और संगति ढूंढ़ना मृग-मरीचिका ही होगी। मेरे विचार से प्रचलित शब्द ‘तेवरी’ बखूबी चलता।
फिर भी यह निर्विवाद है कि अपने स्पष्ट,सपाट और सीमित उद्देश्य में तेवरी क्रम की रचनाएं पुरजोर और पुरअसर हैं। आज के आस्थाहीन युग में जबकि जीवनमूल्यों का भारी क्षरण हो रहा है और समाज की सतह पर कहीं टीले और कहीं गड्ढे नजर आते हैं, शोषकों के क्रूर पंजों में क्षत-विक्षत मानवता त्रस्त और असहाय होकर अधर में लटकी हुई है, भाव-प्रवण और               संवेदनशील कवियों और खुशनवरों का मर्माहत होकर कड़ी कड़वी बातें कहना एक बड़ी जरूरत है और युग-धर्म भी कविता विषय-विलास और वाग्विलास की वस्तु नहीं, अंग्रेजी कवि मैथ्यु अनेल्डि के शब्दों में ‘जीवन की व्याख्या’ है।
तेवरी-आन्दोलन के कवियों ने दलित, शोषित और दग्ध समाज के निरुपाय आखेटों का पक्ष लेकर अपने पैने वाग्वाण अहेरियों पर चलाए हैं। कहना न होगा कि इन वाणों की अनी विषबुझी भी है-
खादी आदमखोर है लोगो!
हर टोपी अब चोर है, लोगो!
[अभी जुबां कटी नहीं ]
तेवरियों का मुखर स्वर कटु, उग्र और प्रहारक है लेकिन वर्ण्य-विषय की व्यापकता इन लघु रचना-अभ्यासिकाओं की सार्थकता को चरितार्थ अवश्य करती है। शिक्षा की व्यर्थता, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, नारी-जाति का शोषण, राजनैतिक छल-छदम, सरकारी नौकरशाहों की काहिली, भूमिपुत्रों  की व्यथा, जन प्रतिनिधियों की कथनी-करनी का अन्तर, भुखमरी, वर्गयुद्ध, गरज यह है कि तेवरीकारों ने विविध विसंगतियों पर अपनी पैनी लेखनी चलाई है। अनेक तेवरियां भिन्न-भिन्न कवियों की होते हुए भी सम स्वर और समान अभिव्यक्ति की आलेखना प्रतीत होती हैं, अतः समीक्षक बहुत-सी तेवरियों में पिष्टपेषण और पुनरावृत्ति की झलक देखने की बात करेंगे। लेकिन जब वर्ण्यविषय लगभग एक जैसा हो और अनुभूति का अन्तःबिम्ब भी समान हो तो अभिव्यक्ति के धरातल पर अनेक कवि भी एक सी बात करने लगते हैं।
इन तेवरियों में रस-परिपाक्य या काव्यसौंदर्य का अन्वेषण करना बालू से रेशम निकालने जैसा होगा। तेवरीकारों ने ऐसा दावा किया भी नहीं है बल्कि वे तो सायास कोमलकांत पदावली से अपने को बचते रहे हैं। वे इतने संतुष्ट हैं कि उनकी तेवरियों के प्रणयन से समाज की तंद्रा टूटे और सर्वहारा का सामूहिक संघर्ष,उत्पीड़न और अत्याचार के नए उत्साह ओर जिजीविषा से और तेज हो उठे।
इन तेवरी-संग्रहों में दर्शन बेजार कृत ‘एक प्रहार-लगातार’ इस आलेख की शुरूआत में कहे गये निर्माण कार्य जैसा है। अपेक्षाकृत संयम और पैने व्यंग्य की शैली में लिखी गई बेजार कृत तेवरियां विचारोत्तजक और भावपूर्ण हैं, यथा ः
आदमी को अर्थ दे जीने के जो।
लाइए तासीर ऐसी कथ्य में।।
............................
सड़क पर  असहाय पाण्डव देखते।
हरण होता द्रौपदी का चीर है।।
................................................
जो हिमालय बर्फ से पूरा ढका है।
भूल मत ज्वालामुखी उसमें छुपा है।।
....................................................
कुछ सियासी शातिरों की रोटियां सिकती रहीं।
राजनैतिक स्वार्थ में मेरा वतन जलता रहा।।
..............................................
रहबरो! अब भी समय है, होश लो।
है तुम्हारी कौम पर इल्जाम क्यूं।
[ एक प्रहार ! लगातार ]
तेवरी-आंदोलन की उपादेयता को स्वीकारा जा सकता। साहित्य सागर में अनेक जल-धाराओं का आगमन और परस्पर विलयन होता है। तब सागर तट पर बैठे प्रेक्षक सागर की संयुक्त गहनता और व्यापकता से अभिभूत होते हैं । अलग-अलग जलधारा का आकलन करने में उनकी रुचि नहीं होती लेकिन जलधारा के सहारे-सहारे चलने वाले पथिक की दृष्टि में सागर की विशालता का एहसास नहीं होता है। वह जलधारा का कलरव और उसकी प्रगति की संगीत लहरी में खोया हुआ उसके प्रति समर्पित-सा रहता है। यही बात इन तेवरियों के संदर्भ में उल्लेखनीय है। विशद् हिन्दी साहित्य के सुदीर्घ विस्तार के परिप्रेक्ष्य में साहित्य के अध्येताओं को इन तेवरियों द्वारा जगाए गये रश्मि-आलोक का किंचित उद्भास हो सकेगा, इसकी संभावना जरा कम है लेकिन प्रगतिशील और क्रांतिकारी साहित्य के अन्वेषियों को तेवरी की भावभंगिमा चमत्कृत और उद्वेलित करेगी, यह विश्वास है।
काव्य और कला दोनों का मौलिक और चरम लक्ष्य, सत्य शिव और सुन्दर का भावबोध कराना है। यथार्थ सत्य का वहिरंग और स्थूल रूप है, वह समग्र सत्य नहीं। यथार्थवादी कविता अधूरे जीवन का प्रतिबिम्ब हो सकता है। उस व्यापक, सद्यः स्फूर्ति और स्पष्टणीय मानव-जीवन की परिकल्पना नहीं हो सकती जिसकी प्रतीति अतीत के लब्ध प्रतिष्ठित हिन्दी साहित्यकारों, विशेषतः कवियों को हुई।  काव्य मात्र दर्पण नहीं है, ऐसा होता तो उसे कौन सहेजता। काव्य आलेखन और आव्हान है, उस वास्तविक मानव-जीवन का जो धरती की गर्दगुबार, मैल, मत्सर से ऊंचा उठकर मानवोचित ऊर्ध्वगामी प्रवृत्ति से सत्य, शिव और सुन्दर की सृष्टि करता है। हाथी के कान या सूंड या पैर को हाथी समझना दुराग्रह होगा। अतः तेवरी-आन्दोलन यथार्थ जीवन के एक छोटे पहलू को भले ही उजागर करता हो, उससे बड़े चित्रफलक को सरासर नजर अन्दाज करता है। यही उसकी सीमाबद्धता या संकीर्णता है। सर्रियलिज्म के सहारे भला क्या सौन्दर्यबोध सम्भव है?
एक बात और ! ‘कबीर जिंदा है’ संग्रह द्वारा कबीर की सपाट  बयानी, सधुक्कड़ी, अक्खड़पन और पाखंड तथा परम्परा पर जबदस्त आघात करने की वीरोचित प्रगल्भता भले ही निगाह में रखी गई हो, कबीर की रहस्यमयता, अध्यात्म और सरल धर्म को पकड़ने में तेवरीकारों की असमर्थता और उनका बौनापन तेवरियों में कबीर के दोहों, साखियों और रमेनियों को आधुनिकीकृत करने का असफल प्रयास है।
‘अभी जुबां कटी नहीं’ की प्रस्तावना-पृष्ठभूमि में पृष्ठ में पृष्ठभूमि में पृष्ठ 2 पर सम्पादक द्वारा व्यास, तुलसीदास, बिहारी, विद्यापति, कालीदास, रत्नाकर और हरिओध जैसे कवियों को साम्राज्यवादी, तुष्टीकरण का साजिशी और पैरोकार कहना ऐसे ही है जैसे चन्द्रमा की ओर मुंह उठाकर थूकना। काव्य के उद्देश्य मर्म लाघव और युगधर्म की सम्यक जानकारी किये बिना ऐसे कथन सुरुचिकर नहीं कहे जा सकते हैं। आन्दोलन यदि गाली-गलौज में तब्दील हो जाता है तो उसे जीवन्त और प्रभावी रखना असंभव है। क्या तेवरीकार काव्य के विविध नियमों से अवगत है?
अस्तु, इन तेवरी-संग्रहों का इतना तो प्रकट महत्व है ही कि आज दुरूह मानव जीवन को झकझोरने में ये तेवरियां समर्थ हैं।