Friday, March 18, 2016

तेवरी-साहित्य : दायित्व कुछ और भी हैं + पंकज शर्मा

तेवरी-साहित्य : दायित्व कुछ और भी हैं 

+ पंकज शर्मा
----------------------------------------------------
    अभी तक सुख ही सार्वजनिक हुआ करते थे, परन्तु अब दुःख भी सार्वजनिक होते जा रहे हैं। सभी को सभी के दुःखों का एहसास है। मगर यह इसलिए नहीं कि कोई किसी के दुःख बाँट लेने की राजी है, वरन् इसलिए कि हर कोई दुःखी है और फिर साहित्य तो समाज और समय का दर्पण होता ही है। इस कारण वह भी दुःखी है। वैसे तो साहित्य का जन्म ही विरोध और दुःख स्वरूप [बाल्मीकि द्वारा] हुआ था, लेकिन आज यह कुछ ज्यादा ही मुखर और कटु हो गया है। साहित्यकार भी इन दुःखों से अपना साक्षात्कार कर रहा है। साहित्य की हर विधा में रचनाएँ जैसे तलवार बन उठी हैं। यहाँ तक कि कविता की कोमलतम विधाएँ भी दुःखों में तप रही हैं। असल में कहना यह है कि कथ्य में भारी परिवर्तन आये हैं और ये कथ्य आम आदमी की जमीन के हैं। तेवरी-आन्दोलन भी इसी क्रम का परिचायक है |
केवल सपाटबयानी कविता के प्रतिष्ठित अस्तित्व को खतरा तो है ही, साथ ही यह साहित्य के कर्तव्य को अधूरा छोड़ देती है। क्या दुःखों को उद्घाटित करना ही साहित्य का मात्र कर्तव्य है? दुःख के कारणों की तलाश और उनको नष्ट करने वाली व्यवस्था खड़ी करने में भी तो साहित्य का कुछ कर्तव्य है। आज साहित्य के जरिए जिन सवालों को उठाया जा रहा है, उनका जवाब भी तलाशना आवश्यक है। क्या तेवरी - आन्दोलन उन जवाबों को तलाश रहा है ?
आज जब साहित्य के माध्यम से कहा जा रहा है कि नारे झूठ हैं, अर्थात नारों में सत्य का दम और निर्माण की झलक नहीं है, तब इस बात का उद्घाटन करती नारे रूपी कविता झूठ नहीं है? कविता को क्रियात्मक पक्ष देना आवश्यक है, जैसा कि कविता के जन्म के समय ही बाल्मीकि ने स्वयं अस्त्र त्यागकर दिया था। क्या तेवरीकार इस पहलू पर सजग हैं ?   
आज सिद्धांत का राग ही ज्यादा अलापा जाता है, कर्म में विश्वास कम का ही है। आदमी के भीतर के खोए हुए आदमी के खोये जाने की चर्चा के बाद उसे तलाशना भी साहित्य का दायित्व है। पर आज साहित्य की सपाटबयानी इस कदर बढ़ रही है कि समाज के घटनाक्रम को कुछ चूरन-चटनी मिलाकर लिखा जा रहा है। इसमें साहित्यकार का अपना सोच तो कुछ है ही नहीं | तेवरी पर भी सपाटबयानी का खतरा मंडला रहा है |

साहित्य के किसी भी आन्दोलन के लिए चाहिए कि वह पहचान की लड़ाई के दलदल में न फँसे, वरन् आन्दोलन के मुख्य ध्येय [जन-जन की आवाज बने या जन-जन को रास्ता दिखाए] को छूने का निरंतर प्रयत्न करे। साहित्य को चिरजीवी बनाने के लिए उसे आदमी से, उसके सवालों से, सवालों के जवाबों से, जोड़ना होगा, हमारे सामने कबीर ओर तुलसी के उदाहरण हैं, उन्होंने सामाजिक पतन के मुद्दों को उठाया ही नहीं वरन् उसके हल भी सुझाए। तेवरी के संदर्भ में कविता को पाठक में उसकी अपनत्व की भावना और उसके अधिकारों की लड़ाई के लिए चेतना जगानी होगी।

तेवरी के तेवर जनाक्रोश के हैं +यशपाल वैद

तेवरी के तेवर जनाक्रोश के हैं 

+यशपाल वैद
-----------------------------------------------
    ‘तेवरीपक्ष’ जिन मुद्दों को उभारता है, उनका सही विश्लेषण भी सार्थक-सृजन के तहत हो पाया है। अब तक कविता के इस अछूते प्रारूप पर प्रकाशित चार अंक पढ़ जाने के बाद तेवरी-कविता पर आस्था हो जाना स्वाभाविक क्रिया है। यूँ पहले भी अपनी राय यही रही है कि यह तेवर जनाक्रोश के हैं, जिनमें यथार्थ का सपाट बयान होते हुए भी एक लय है, जो इसे साहित्यिक राय दे पाती है, जिसे न ही सपाटबयानी, न ही नग्न यथार्थवाद या प्रकृतिवाद कहा जा सकता है।
तेवरी  में सच्ची तड़प है, आक्रोश है, चारों ओर के अन्याय, भ्रष्टाचार का युगान्तर विस्फोटक ऑपरेशन है। व्यवस्था में सामाजिक और राजनीतिक सही बदलाव हो, इसके लिए पीडि़त-दलित व्यक्ति गालियाँ दिये बिना चुप नहीं रह सकता है, लेकिन तेवरी-पक्ष गालियाँ ही तो नहीं, यह साहित्यिक दस्तावेज है। एक जिम्मेदारी का सही जायजा है, जिसमें गरीब, मजबूर, लाचार, शोषित आदमी की पुकार है और उसकी ललकार भी है, जो पीड़ाग्रस्त है।
यूँ ‘तेवरी’ को किसी भी खेमे या वाद से नहीं जोड़ा जा सकता, खासकर, तब तक, जब तक कि ये स्वाभाविक सत्य-आक्रोश, बनावट का मुखौटा न पहने, न बाहर न भीतर। तेवरी कविताएँ [यूँ ग़ज़ल कह लीजिए] जोशीला खून है-जो जनक्रांति के लिए नये तेवर देता है- वादों-विचारधाराओं-जीवनदर्शन से अलग-सर्वहारा व्यक्ति का आक्रोश भोगा हुआ यथार्थ, आँखों देखी, कानों-सुनी बात का फलसफा। इसमें यह शक्ति है, जो दबी-घुटी हँसी और दबी-मूरत को मौत के आगोश से छुड़ाने का दम भर सकती है।

तेवरी ग़ज़ल से इस मायने में अलग पड़ जाती है कि इसमें सोज अपने ढँग का है-जिसका एहसास एक चीखो-पुकार का सिलसिला है। व्यापक रूप में आप इसे कथित रूप से ग़ज़ल से ही जोड़ लें -पर यह बड़ी अजब बात है | मैं तेवरीकारों की मान्यताओं और अवधारणाओं से सहमत होता दिखाई देता हूँ-यह भी ‘तेवरी’ की सहज अभिव्यक्ति के पक्ष में ही जाता है। प्रतिक्रिया अनुकूल है-आने वाला वक्त इसका सही जायजा ले पाये-शायद।

तेवरी आन्दोलन को शुभकामनाएँ - क्रांतिकारी मन्मथनाथ गुप्त

तेवरी आन्दोलन को शुभकामनाएँ 

+क्रांतिकारी  मन्मथनाथ गुप्त
-------------------------------------------
    तेवरी आन्दोलन को शुभकामनाएँ। मैं आप लोगों की ईमानदारी से खुश हूँ। किन्तु प्रश्न इस संघर्ष को इसी तरह आगे बढ़ाने का है। अक्सर युवाओं में शुरू-शुरू में काफी जोश रहता है लेकिन आगे चलकर वे या तो दिग्भ्रमित हो जाते हैं या किसी दल-विशेष के पुंछल्ले बन जाते हैं। यह स्थिति निश्चित रूप से साहित्य व समाज के लिए घातक होती है।
साहित्य में कार्ल मार्क्स  से बहुत पहले कबीर ने ध्रर्म के चरित्र को पहचाना था। कबीर की वाणी बहुत ही मारक और क्रांतिकारी थी। मुसलमानों के शासन में भी ‘काकर-पाथर जोड़ के मस्जिद लई बनाय, ता चढि़ मुल्ला बाँग दे, का बहरा भया खुदाय’ जैसा तीखा प्रहार बड़े साहस की बात थी।
प्रेमचन्द से बहुत पहले सन 1928 में शरतचन्द्र चटर्जी व बंकिमचन्द्र चट्टोपाध्याय ने ‘पथ के दावेदार’ व ‘आनंदमठ’ [जब्तशुदा] से इसी तरह का क्रांतिकारी प्रयास किया था। उसी आन्दोलन को तेवरी के माध्यम से आप आगे बढ़ाना चाहें तो इसमें कोई हर्ज नहीं। कोई भी राष्ट्र तभी आगे बढ़ सकता है जबकि वह सर्वमुखी प्रगति करता है। सच्ची बात तो यह है कि कविता में बड़ी शक्ति है।
कुछ साहित्यकार ऐसे हैं जो प्रारम्भ में अच्छा लिखते हैं, मगर बाद में अपने मार्ग से विचलित हो जाते हैं। उदाहरणार्थ जहाँ इकबाल ने ‘सारे जहां से अच्छा हिन्दोस्तां हमारा’ लिखा, वहीं बाद में ‘चीनो-अरब हमारा’ लिखकर हमें ठेस पहुँचाई। यही कारण है कि इकबाल की दो राष्ट्र के सिद्धांत  की  ‘बौद्धिक मदद’ देश के विभाजन में बहुत कुछ काम कर गयी। मगर उस नीति का क्या हुआ। भारत-पाकिस्तान में युद्ध छिड़ा। 1971 में पाकिस्तान की कमर टूटी। पाकिस्तान के याहिया खां ने 30 लाख बंगाली मौत के घाट उतार दिये। 1 लाख महिलाओं के साथ बलात्कार किया गया और यहाँ इकबाल का दो राष्ट्र का सिद्धान्त पूरी तरह असफल हो गया।  
इकबाल ने अपने उद्देश्य से भटककर जातीय संकीर्णता-ग्रस्त होकर हिन्दोस्तान के साथ-साथ पाकिस्तान का भी अहित किया। और इस नीति से सबसे ज्यादा अहित उर्दू का हुआ। पाकिस्तान उसी योजनानुसार बना, जिस योजनानुसार कोरिया के दो टुकड़े, जर्मनी के दो टुकड़े और वियतनाम के दो टुकड़े हुए। इनमें से केवल वियतनाम ही अब तक फिर  से एक हो सका है। पर हम यह नहीं चाहते कि हम एक हो जाएँ। वह फले-फूले, पर वहाँ लोकतंत्र हो और तानाशाही राज्य समाप्त हो। लोकतन्त्र इसमें बहुत बड़ी भूमिका निभा सकता है।
इकबाल की तरह ही वीर सावरकर प्रारम्भ में साहित्यिक व अन्य दृष्टिकोण से क्रान्ति की मशाल जलाते रहे लेकिन बाद में उन्हें भी हिन्दूवाद का रोग लग गया। तब हमने उन्हें भी ऐसे ही रिजेक्ट कर दिया जैसे इकबाल को किया था।

भारत में, अफसोस यह है कि प्रगतिवादी खेमे में भी दो हिस्से हो गये। एक हिस्सा अपने आपको जनवादी कहता है। अफसोस यह है कि भारत के साम्यवादियों ने अपने जनयुद्ध  के जमानों से कुछ नहीं सीखा। तेवरी आन्दोलन, मुख्य आन्दोलन [प्रगतिवादी] से अलग होकर पैदा हुआ है, पर यह सही विचार लेकर चल रहा है, इसलिए सफल भी होगा। 

तेवरी का शिल्प ग़ज़ल से भिन्न है -दर्शन बेज़ार

तेवरी का शिल्प ग़ज़ल से भिन्न है 

-दर्शन बेज़ार
----------------------------------------------------------
    ग़ज़ल-समर्थक तेवरी के बारे में कहते हैं कि तेवरी का शिल्प तो ग़ज़ल जैसा है, अतः तेवरी ग़ज़ल ही है। चेतन दुवे ‘अनिल’ का मानना है कि-‘‘तेवरी नाम देकर क्या तीर मारा, तेवर शब्द से तेवरी बना लिया, वस्तुतः तेवरी और ग़ज़ल के विधान में फर्क नहीं है।’’
ग़ज़ल विधा के विशेषज्ञ और शोध आचार्य डॉ . रोहताश्व अस्थाना के शोध प्रबन्ध में स्थापित कुछ मान्यताओं पर विचार किया जाना उचित होगा। उनके मतानुसार-‘‘ग़ज़ल की उन्नीस बहरें हैं- अज़ज, रजज, रमल से लेकर मुश्तकिल जदीद तक। ग़ज़ल के संविधान निर्माता फारसी-अरबी में तत्कालीन पंतजलि, भरतमुनि की भांति विद्वान व्याकरणाचार्य रहे होंगे। ग़ज़ल में मतला, मक्ता, रदीफ, काफिया, रुक्न, अरकान के विन्यास के साथ-साथ बह्र का अनुशासन भी आवश्यक है तथा यह अनुशासन ही ग़ज़ल को ग़ज़ल कहलाने का हक प्रदान करता है।
ग़ज़लकार ग़ज़ल को फाइलातुन, मफाइलुन, फैलुन आदि रुक्न के माध्यम से एक निश्चित अनुशासन में बाँधकर ग़ज़ल को मुकम्मल करते हैं, जबकि तेवरी तो अत्यन्त ही सहज बोलचाल की भाषा में प्रचलित हिंदी छन्दों में लिखी जाने वाली काव्य-रचना है। सहजभाव से दोहा, चौपाई, आल्हा, सवैया आदि छंद तेवरी में अपनाये जाते हैं। ग़ज़ल की भांति कठोर नियम तथा अनुशासन या बह्रों की प्रतिबद्धता इसमें नहीं है।
कुछ ग़ज़ल समर्थक यह कहते हैं कि-‘‘ग़ज़ल का उन्नीस बहरों में ही बँधे रहना जरूरी है।’’ क्या उन्नीस बहरें भी इन्सान ने नहीं बनाई हैं। इन्सान प्रवृत्ति के अनुसार तीस-पैंतीस या इससे भी अधिक बह्रें बना सकता है। हमारा मानना है कि व्याकरण तो व्याकरण ही होता है और उसमें नियमों की पाबन्दी होती है। उस पाबन्दी को हटाना ग़ज़ल के संविधान को नष्ट करना ही होगा।
हम किसी ऐसे व्याकरण की अनदेखी मात्र इसलिए कर दें कि आज सर्वत्र मंच एवं मीडिया में ग़ज़ल की ही जय-जयकार हो रही है तो हम भी अपनी रचना को भी ग़ज़ल कहलवाकर ही दम लेंगे, यह साहित्यिक कम व्यावसायिक सोच अधिक है। श्री रतीलाल शाहीन ने एक प्रसंग में उद्धृत किया है कि ‘एक गंगाजमुनी कविसम्मेलन-मुशायरे में एक कवि अपनी रचना को बार-बार ग़ज़ल कहकर प्रस्तुत कर रहे थे तो बीच-बीच मोना अल्वी प्रतिक्रिया देती जा रही थी कि ये भी ‘ग़ज़ल’ है क्या?
ग़ज़लकारों द्वारा मंच पर अपनी पहचान को  बरकरार रखने को आतुरता  ग़ज़ल नाम को ओढ़े रहना ग़ज़ल की निष्काम सेवा नहीं है। तेवरीकारों के बारे में तेवरी विरोधी  एक लोकप्रिय तथा मंचप्रतिष्ठित सरस्वती पुत्र के विचार निम्नवत रहे हैं- ‘‘भगवान करे [या रमेशराज करे] तेवरी भी साहित्यिक विधा  में गिन ली जाए और देवराजों , सुरेश त्रस्तों, अरुण लहरियों का कल्याण हो जाए, कोई पूछे कि तेवरियाँ कहाँ मैन्युफैक्चर होती है तो झट मुँह से निकलेगा-अलीगढ़।’’
निस्सन्देह यह किसी ईर्षालु की उसके हृदय की छुपी हुई कुंठित भावना हो सकती है, किसी सरस्वती के आराध्क की नहीं। तेवरी मैन्युपफैक्चर होने की बात पर हम इतना ही कह सकते हैं कि तेवरियाँ लिखी जा रही हैं न कि मैन्युपफैक्चर हो रही हैं। तथाकथित ग़ज़लकारों को हम ‘ग़ज़ल के बहाने’’ में डॉ. दरवेश भारती की अपील पढ़ने को अनुरोध करते हैं। उन्होंने ग़ज़ल को निरधारित बह्रों के अनुशासन में ही लिखने की राय दी है।
तेवरीकारों ने ग़ज़ल के शिल्प और उन्नीस बह्रों के अनुशासन को पच्चीस-तीस वर्ष पूर्व ही संज्ञान में ले लिया था और उसे न अपनाकर हिंदी छंदों में अपनी बात कहनी शुरू कर दी थी। डॉ. भारती आज जो तथ्य सबके सामने रख रहे हैं, इनसे स्पष्ट होता है कि तेवरी को ग़ज़ल मानना या कहना हर कोण से गलत है। डॉ. भारती ग़ज़ल के शास्त्रीय पक्ष को भलीभांति जानते हैं, इसी कारण वे लम्बी-ऊँची दौड़ लगाने वाले तथाकथित ग़ज़लकारों की मनमानी पर क्षुब्ध हैं। कुछ ग़ज़ल समर्थकों की दृष्टि में तेवरी अनपढ़ों की भाषा है। डॉ. दरवेश भारती का चिन्तन तो अनपढ़ों का नहीं। उन ग़ज़लकारों को डॉ. दरवेश भारती की पीड़ा हृदयंगम करने की आवश्यकता है।
हमारी धारणा है कि जो तथाकथित ग़ज़लें कही जा रही हैं, वह बड़े ही धैर्य के साथ हृदय से होकर होठों तक आ पाती हैं। लिखी जाने वाली ग़ज़ल के प्रकाशन के लिए ग़ज़लकार उतावला रहता है। इन ग़ज़लों में भी अन्तर इतना है कि कहीं जाने वाली ग़ज़लों का ग़ज़लकार दो चार ग़ज़लें कह कर ही वर्षों तक पाठकों के मन पर छाया रहता है जबकि लिखी जाने वाली ग़ज़लों का लेखक दो चार वर्षों में ही सुपरसीट हो जाता है।

 ‘‘भगवान करे तेवरी भी विधा मान ली जाए’’ के प्रसंग पर हम इतना ही विनम्र निवेदन करते हैं कि किसी मठाधीश के मठ में दाखिल होकर झुक-झुककर उनके चरणों का चुम्बन करने की सामयिक कला तेवरीकारों में नहीं हैं। हमारे सामान्य और सहज पाठक ही हमारे सम्बल हैं और इस विधा के एप्रूवर हैं। तेवरीकारों को छपास का भी संक्रामक रोग नहीं है। हम तो सम्पादकों को विनम्र निवेदन करते रहे हैं कि कृपया हमारी रचना को तेवरी नाम से ही, [यदि प्रकाशन-योग्य समझें तो] छापें, ग़ज़ल नाम से नहीं। न छापने के निर्णय के बाद रचना को स्वयं ही नष्ट कर दें ताकि कभी दुरुपयोग न कर ले कोई अन्य व्यक्ति।

तेवरी-आन्दोलन पर साहित्यकार धीरेन्द्र शर्मा का रमेशराज को एक खुला पत्र

[तेवरी-आन्दोलन पर साहित्यकार धीरेन्द्र शर्मा का रमेशराज को एक खुला पत्र]
…………………………………………

साहित्य नपुंसक चरित्र जी रहा है 

+धीरेन्द्र शर्मा 
---------------------------------------------------------
    भाई रमेशराजजी युग की जिस दाहकता को भोगकर पत्रिका निकाल रहे हो, उसके विभिन्न आयामों में से एक यह भी है कि कदम-कदम पर तुम्हारे कंधे से कंधा मिलाकर चलने का सतत् आश्वासन करने वाला मुझ जैसा तुम्हारा दोस्त भी वक़्त-जैसी बेवफाई पर आमादा हो गया। मैं तुम्हारा मनोबल और हौसला बढ़ाने के बजाय तुमसे यह पूछकर अपनी तथाकथित दोस्ती का हक अदा कर रहा हूँ कि ऐसे बेशर्म दौर में पत्रिका क्यों निकाल रहे हो? तुम्हारी बीमार सेहत के लिये ऐसा सुझाव क्या किसी डाक्टर ने दिया है?
भाई , मैं कहता हूँ कि वक्त की नब्ज और धड़कन को पहचानने की कोशिश करो। मेरे भाई  यह दौर, यह जमाना भौतिक प्रगति का है, बेईमानी का है, भ्रष्टाचार का है, वतनफरोशों का है, हलाकुओं और कानूनी चंगेजों का है। कोटा, परमिट, ठेकेदारी, दलाली, घूसखोरी, मक्कारी, चालबाजी के चक्रब्यूह में अब पूरा राष्ट्र आपादमस्तक जकड़ा हुआ है, तब तुम भगतसिंह, रामप्रसाद ‘बिस्मल’ जैसे अप्रासंगिक [अतः अवांछित] तत्त्वों की चर्चा करके अपनी सनक का ही परिचय दे रहे हो।
सच तो यह है कि अपनी निजी संवेदना, भावुकता और अनुभूति से लेकर घर-परिवार, मित्र-परिचय तथा नाते-रिश्तेदार तक की संवेदनाएँ और अनुभूतियाँ मिलावट का नमूना बन कर रह गयी हैं। देश के कैनवास पर कहीं असम का नाटक हो रहा तो कहीं पंजाब और खालिस्तान का। लोग हैं कि जन्मभूमि को तार-तार करने पर आमादा हैं। जयचन्द और मानसिंह की सन्तानें पूँजीपति धन-पिशाचों से निजी लाभ की सन्धियाँ आयोजित कर रही हैं। बहादुरशाह जफर ने जिस लाल-किले को 1857 में आजादी के शंखनाद से पवित्र कर दिया था, उस पर कालीमाई की काली छाया दिन-प्रतिदिन गहराती जा रही है। वोटों का समीकरण भ्रूणहत्या कर रहा है और तुम बे-मौसम का राग अलापे जा रहे हो।
मैं कहता हूँ कि इस देश में और इस दौर में तुम जिन्दा रह लो, यही बहुत बड़ी बात है। जमाने का दर्द अपने सर पर रखकर मत चलो मेरे भाई! वर्ना मुझ जैसे-दोस्त-यार ही तुम्हारी इतनी तर्कपूर्ण और ठोस आलोचनाएँ करेंगे कि तुम संघर्ष की जगह आत्महत्या का मरघट ढूँढना ज्यादा पसंद करोगे। तुम्हारे विरुद्ध इतनी ठोस गवाही खड़ी हो जायेगी कि तुम खुद अपनी बे-दाग शख्सियत और अपने निर्दोषपने पर शक करने लगोगे।
शायद भूल गये हो कि जिन ‘महान’ लोगों के खिलाफ और जिन प्रवृत्तियों के खिलाफ तुम पत्रिका या तेवरी को हथियार बनाकर आक्रमण कर रहे हो, वह रक्तबीज की परम्परा में आ गई हैं और उनकी बौद्धिक  शक्ति तथा दिमागी चालें तुम्हें बड़ी खूबसूरती के साथ मिटाने में सफल हो जायेंगी और जिनके पक्ष में तुम युद्धक्षेत्र की अग्रपंक्ति के युयुत्सु बन गये हो, उनकी नजर किसी भी समय तुम्हारी पीठ को निशाना बना सकती है।
प्रिय भाई , आम आदमी नामक जन्तु अब आदमी नहीं रह गया है एवं आदमी से ही उसे नफरत हो गई है। यह आम आदमी कहीं तुम जैसे पैरवीकार के खिलाफ गवाही देकर तुम्हें ही अपराधी  के कठघरे में लाकर न खड़ा कर दे। भाई, इस देश के आम आदमी की भावुकता और संवेदना काम, क्रोध, मद, लोभ का पूरा शस्त्रागार है। वे बड़ी सफाई से इसका इस्तेमाल करते हैं।
प्रिय भाई, ‘उनके’ पास प्रचार-तन्त्र है, दानकोष है, ज्ञानपीठ पुरस्कार हैं , संसदीय सदस्यता है, भाषण हैं, नाटक करने क्षमता है। ‘उनके’ चाँदी के चंद सिक्कों के आगे बड़े-बड़े शेर दुम हिलाने लगते हैं। गार्गी और मैत्रेयी की सन्तानें पैर में पायल की जगह घुँघरू बाँध लेती हैं और प्रखर गर्जनाएँ आकाशवाणी और दूरदर्शन के माइक के सामने ‘उन्हीं’ का गुणानुवाद करने लगती हैं । मेरे बड़े भैया क्या तुम्हारी आँख नहीं खुली?
‘तेवरीपक्ष’ के अंक-दो में क्या तुमने मुख्य पृष्ठ पर ही नहीं पढ़ा-
‘जिसने हिला दिया था दुनिया को एक पल में,
अफसोस क्यों नहीं है वह रूह अब वतन में’।
भाई मेरे, अब अगर किसी बाल्मीकि ने किसी निरीह जीव की हत्या पर आँसू बहाया तो शिकारी का दूसरा तीर बाल्मीकि की आँख को बींध डालेगा। यह बात मैं तुम्हारी कसम खाकर कह सकता हूं। ‘गंगाराम’ और ‘होरी’ की नियति अब नकली मुठभेड़ों के साये तले लिखी जा रही है।
शिवकुमार थदानी, अरुण लहरी और निशान्त से लेकर सुरेश त्रस्त, अनिल कुमार ‘अनल’, योगेन्द्र शर्मा, जगदीश श्रीवास्तव और तुम खुद भी इस अंक के 48 पृष्ठों में कई जगह बखूबी से ‘स्पाॅट लाइट’ डालकर नेपथ्य की अन्दरूनी खबर से वाकिफ करा देते हो। लेकिन डर यही है कि कलम की ईमानदारी बचाने के लिये आप लोग यदि शहीद हो गये तो इस बेरहम जमाने की आँखों से घडि़याली आँसू भी नहीं बह सकेगा और दूसरी ओर ‘वे लोग’ सभी इतना बड़ा उग्रवादी करार कर देंगे कि ‘रख दे कोई जरा-सी, खाके वतन कफन में’ जैसी आरजू पर इतिहास के पन्ने मुखौटों के भीतर ठहाके लगाएँगे और दुनिया फिर अपने राग-रंग में डूब जायेगी।
जन-जागरण की विचार प्रधान त्रेमासिकी की ईमानदार कोशिशों से मुझ जैसा कोई बेईमान नागरिक भी इनकार नहीं कर सकता। लेकिन जरा आँख उठाकर अपने उस परिवेश को भी देखने की हिम्मत करो, जिसमें डाॅ. बुद्धसेन जैसे बबूल, गुलमोहर के फूल की तरह सम्मान पी रहे हैं और हम-तुम भाषायी आजादी और अस्मिता की बुनियाद डालने के नाम पर अकेले में मातमपुर्सी करने के लिए मजबूर हो जाया करते हैं। भाई, सच तो यह है कि इस पत्रिका पर तुम्हें बज्मे-सुखन की दाद देने की जरूरत मैं उतनी नहीं महसूस कर रहा हूँ, जितनी कि इस मजमूने-बगावत की लौ को मुसलसल तौर पर जलाते रहने की दिक्कतों से निपटने की दुआ तुम्हें दूँ।
भाई, बात कविता और शायरी की हो रही है तो यहाँ मैं यह कहना भी जरूरी समझ रहा हूँ कि आज के सूरते-हाल में साहित्य नपुंसक चरित्र को जी रहा है। यूरोप में 18 वीं और 19 वीं सदी के साहित्य ने इन्कलाबी चरित्र जिया था और सामाजिक परिवर्तन में उसकी भूमिका एक अहमियत रखती है, लेकिन इस देश में हम-तुम क्यों असफल हो रहे हैं? क्या वजह है कि साहित्य की मूल धार कुन्ठित हो रही है? कहीं ऐसा तो नहीं कि हमारे साथी और हमारी बिरादरी के लोग ‘उन्हीं’ लोगों की किसी खूबसूरत साजिश के शिकार हो गये हैं?
भाई , व्यवस्था की विषकन्या की पहचान गर नहीं हो सकी तो एक-एक कर के हम सभी खुदकशी करने पर मजबूर हो जाएँगे। कभी-कभी मैं खुद नहीं समझ पाता कि साहित्य का बुनियादी सरोकार आखिर क्या रह गया है? हम लोग अधिकांशतः प्रशंसा, प्रशस्ति और पुरस्कार पाने के लिये लिख रहे हैं या लेखन को साधन बनाकर ‘उन्हीं’ नराधमों की जमात में सिक्का जमाने के लिए हमारी तर्क-बहस, बौद्धिकता-विचारशीलता तक मानसिक एय्यासी व दिमागी विलासिता की द्योतक बन गई है। सभी लोग या तो अपने आप को छल रहे हैं या अपने बगलवाले या सामनेवाले को छल रहे हैं। ‘उनकी’ विभेदवादी नीति की एक सफलता यह भी है।

भाई, एहसास और जज्बात की सरजमीन पर मैं भी तुम्हारे दर्द को महसूस करते हुए जी रहा हूँ। तुम्हारे दिलो-दिमाग की सात पर्तों की गहराई में छुपी तुम्हारी उस वेदना और पीड़ा को, जो आदमी और आत्मीयता से बावस्ता है, मैं महसूस करता हूँ। तुम मुझे ढाढ़स दो और मैं तुम्हें ढाढ़स दूँ तो शायद हम अंधेरों और कुहासों के पार जा सकें |

तेवरी प्रश्नों के घेरे में लेना अन्यायपूर्ण +विजयपाल सिंह

 तेवरी प्रश्नों के घेरे में लेना अन्यायपूर्ण


+विजयपाल सिंह
------------------------------------------------
    अधिकांश ग़ज़लगोओं का यह कहना है कि परिवर्तन के साथ ग़ज़ल के मिजाज में परिवर्तन आया है, निस्संदेह यह सोचने पर मजबूर करता है कि ग़ज़़ल के मिजाज में क्या और कैसा परिवर्तन आया है?
अधिकांश ग़ज़लगो मानते हैं कि ‘अब ग़ज़ल कल्पनाओं के आकाश में उड़ने के बजाय सामाजिक यथार्थ की जमीन पर समाज के साथ कंधे  से कंधे  मिलाकर सामाजिक विकृतियों, विसंगतियों से जूझ रही है, राजनीतिज्ञों की साजिशों का पर्दाफाश कर रही है। अब इसके ईद-गिर्द घुंघरूओं की झंकार, शराब के प्यालों की खनखनाहट के बजाय पत्थरों के टूटने और हथौड़ों की खट-पट का शोर है, अय्याशों की वाहवाही की जगह मालिक की बदतमीजी और फटकारों की बौछार है। कुछ मिलाकर आज ग़ज़ल सामाजिक हितों और नैतिक मूल्यों के लिए सभ्यता के भेडि़यों और आदमखोरों के खिलाफ संघर्षित है’।
कथित युद्धरत ग़ज़ल को [जो हिंदी पत्रिकाओं में देखने को मिल रही है] कुछ लोगों ने हिंदीग़ज़ल कहने का भी प्रयास किया है, यहाँ यह सोचने का विषय है कि चार-छहः हिंदी शब्द डाल देने से यदि कोई रचना हिंदीग़ज़ल हो सकती है [जबकि सच तो यह है कि उर्दू भी हिंदी की एक बोली है] तो भाषायी या बोलियों के आधार पर वह संस्कृत, अरबी, रूसी, अंग्रेजी, तुर्की, मराठी, कन्नड़, भोजपुरी, अवधी  या ब्रजभाषा ग़ज़ल क्यों नहीं हो सकती?
यह भी सोचने का विषय है कि यदि किसी रचना के कथ्य या शिल्प में क्रांतिकारी परिवर्तन दृष्टिगोचर होता है तो वह अपनी मौलिक पहचान खो देती है अथवा नहीं? यदि वह क्रांतिकारी परिवर्तन के साथ अपनी मौलिक पहचान खोती है, अपने पुराने रूप को त्यागकर एकदम नये रूप में प्रस्तुत होती है तो उसे पुराने ही नाम से पुकारा जाना किस समझदारी के अंतर्गत आता है? यह तो ठीक इस तरह है, जैसे कोई वैश्या वैश्यावृत्ति को त्यागकर अपना घर बसा, एक आदर्श पत्नी की भूमिका अदा करती है, लेकिन हम उसे फिर भी ‘वैश्या’ ही सम्बोधित  करते हैं  ।
क्या इन रूढि़वादी ग़ज़लगोओं को कोठे पर बैठने वाली चम्पाबाई और अंग्रेजों के छक्के छुड़ाने वाली लम्बीबाई में कोई अन्तर नजर नहीं आता? यदि इस सामाजिक बदलाव या सामाजिक क्रांति के पक्षधर  तेवर को  ‘तेवरी’ नाम से पुकारा या परिभाषित किया जा रहा है तो इसमें बेमानी क्या और क्यों है?
तेवरी पर यह आरोप लगाना कितना हास्यास्पद है कि ‘ चाकू, छुरी, नेता, बलात्कार’ आदि कठोर शब्दों का प्रयोग रचना की खूबसूरती को नष्ट कर देता है। क्या ऐसे ग़ज़लगो ये बताने का कष्ट करेंगे कि दंगों में नेताओं के सांप्रदायिकता भड़काने वाले वक्तव्यों और गुंडों  द्वारा चाकू और छुरी के प्रहार से उत्पन्न आदमी की चीत्कार व शरीर से बहती हुई लहू की धार के कारुणिक दृश्यों के बीच कौन-सा सौन्दर्य या खूबसूरती होती है? जिसे वे कौन-से सुन्दरतम, कर्णप्रिय सहज ढंगी शब्दों या प्रतीकों के माध्यम से व्यक्त करना चाहेंगे? क्या वे बलात्कार के वीभत्स दृश्यों के बीच गुंडों के शिकंजे में छटपटाती नारी के चेहरे पर फूलों जैसी मुस्कान, कंठ से चीत्कार के बजाय सीत्कार सुन सकेंगे? जब सामाजिक यथार्थ कठोरतम, क्लिष्टतम, शोषित, बलत्कृत और अतिपीडि़त हो चुका है तो उसकी अभिव्यक्ति सहज और पुष्मण्डित कैसे हो सकती है?
विश्व इतिहास साक्षी है कि इतिहास की कीर्तनियाँ मुद्राओं, प्रशस्तिगानों, चाटुकारी प्रवृत्तियों या प्रेमी-प्रेमिकाओं के रिझाने वाली भंगिमाओं ने न तो कभी सामाजिक क्रांति की पृष्ठभूमि तैयार की है और न कभी कर सकेंगी। साहित्य का असली सौन्दर्य तो रानी लक्ष्मीबाई की तरह तलवार उठाने में ही रहा है, भगतसिंह की तरह संसद में बम फेंककर बहरी सरकार के कान खोलने में रहा है। तथाकथित अहिंसा के पुजारियों को भी उन्नीस सौ बयालीस में ‘करो या मरो’ का नारा देकर अंग्रेजों की हत्याएँ करने, बम प्रयोग से लेकर समस्त अस्त्र-शस्त्र प्रयोग करने पर मजबूर होना पड़ा। विश्व की हर क्रांति बल प्रयोग से ही आयी।
क्या ग़ज़लगो सामाजिक यथार्थ से कतराकर कोरी काल्पनिकता की फूलों से लदी मादक गंध से युक्त जमीन पर ही टिके रहना चाहते हैं तो कुछ नहीं कहना?
तेवरी उस तथाकथित सौन्दर्य की कभी पक्षधर  नहीं रही है जो शारीरिक सौन्दर्य प्रसाधनों  में निहित रहता है। बल्कि वह तो शरीर के स्थान पर व्यक्ति के उस मन-मस्तिष्क की पहचान कराती है, जो पत्नी और वैश्या, बहिन और प्रेमिका, काॅलगर्ल और माँ, पिता और अय्याश, शासक और कुशासक में अन्तर स्पष्ट करता है। साथ ही परिवार, समाज, देश, मानवता के प्रति उस कर्तव्य का बोध कराती है जो व्यक्ति से व्यक्ति को कर्तव्यबोध् से जोड़ता है।

तेवरी ग़ज़ल की तरह लैला-मजनूं, शीरी-फरिहाद, हीर-राँझा के उन कारनामों की न तो पहले कभी पक्षधर  थी और न अब है, जो सिर्फ शारीरिक भोग के लिए सौन्दर्य के मानचित्र बनाती है। 

तेवरी कोई नयी विधा नहीं + नीतीश्वर शर्मा ‘नीरज’

 तेवरी कोई नयी विधा नहीं 


+ नीतीश्वर शर्मा ‘नीरज’
-------------------------------------------------
    ‘आम’ को ‘इमली’ कह देने से उसके स्वाद और गुण में जिसतरह कोई अन्तर नहीं आता, ठीक उसीतरह नयी कविता की वैचारिकता को काव्य की किसी भी विधा में प्रस्तुत करने से उसके भाव और अनुभूति की अभिव्यक्ति में कोई फर्क नहीं आता है, ऐसा मैं  मानता हूँ। मैं विषय की प्रधानता को केन्द्र मानकर मूल्यांकन करने का पक्षधर हूँ। किसी विधाविशेष की वकालत मुझे रास नहीं आती।
आज ‘हिंदीग़ज़ल’ नाम से रचनाएँ सामने आ रही हैं और तेवरी-अभियान से जुडे़ मित्र जो ‘तेवरी’ नाम से दे रहे हैं, उसके मूल में प्रवेश करने पर मुझे कोई खास अंतर नहीं लगता। इसी तरह कई अग्रज कवियों ने इस आकार में लिखी जाने वाली रचनाओं को अपने-अपने ढँग से संज्ञा दी है, जैसे- गीतिका, गीतल, अनुगीत आदि-आदि। इससे विचारों में कहाँ कोई फर्क आया? बात तो अपने-अपने ढँग से हम आज भी वही कर रहे हैं। सिर्फ तर्जे-बयां बदला है, बयान हम सबका एक ही है। उर्दू साहित्य में भी प्रवेश करें तो गालिब, मीर, जफर और फैज की ग़ज़लें एक ही विषयवस्तु की प्रस्तुति लगती हैं ? उसी तरह निराला, मुक्तिबोध्, धूमिल आदि कवियों ने जो हमें अपनी रचनाओं में दिया, वह विधाविशेष से पहचानी जाती हैं या विचार की प्रधानता से?
मैं तेवरी को काव्य की कोई नयी विधा नहीं मानता, बल्कि ग़ज़ल या दोहे का रूप लिए [आकार में लिखी गयी] कविताओं का नया नाम है-‘तेवरी’। जिस तरह एक कप या गिलास में आप दूध भी रख सकते हैं, दवा भी, शराब भी, पानी भी और जहर भी। लेकिन रखे जाने द्रव के आधार पर गिलास या कप का नाम बदलने से उसमें क्या तब्दीली हो जायेगी? उसे गिलास या कप कहने में आपको दिक्कत क्यों महसूस हो रही है?
 ‘ग़ज़ल’ को भी मैं व्यक्तिगत तौर पर उसी ‘गिलास’ की तरह इस्तेमाल कर रहा हूँ। हमारे पूर्ववर्ती कवियों ने इसमें हुस्नो-इश्क की शराब भरी, अश्कों से लबरेज किया। हम आज उसमें अपने-अपने विचारों की तल्खी और खूने-जिगर भर रहे हैं। अब इस आधार पर आप उस ‘गिलास’ को ‘ग़ज़ल’ कहें या तेवरी, कोई अन्तर नहीं आता। हाँ जो रूप पर मोहित हैं और जिन्हें आत्मा की पहचान नहीं, उन मित्रों को शायद इसमें अन्तर दिखाई पड़े।

आपके तेवरी अभियान की सफलता की दुआ इसलिए कर रहा हूँ कि यह चाहे जिस नाम से भी हो, आप मेरी ही आवाज में आवाज मिला रहे हैं और वह आवाज आज के हर दलित, पीडि़त और शोषित इंसान की है।